शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने का सशक्त माध्यम है योग : राधेश्याम मनहर - vedantsamachar.in

शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने का सशक्त माध्यम है योग : राधेश्याम मनहर

कोरबा/दीपका, 20 जून (वेदांत समाचार)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कोरबा जिले के दीपका स्थित झाबर राधेय विद्यापीठ इंग्लिश मीडियम स्कूल परिसर में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योग के महत्व को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

विद्यालय के संचालक राधेश्याम मनहर ने सभी को योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग शरीर, मन और आत्मा को संयोजित करने का सशक्त साधन है। उन्होंने स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए योग को दैनिक दिनचर्या में शामिल करने की आवश्यकता पर बल दिया।

योग प्रशिक्षक शशि उइके एवं ज्योति केरकेट्टा के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने सूर्य नमस्कार, अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भ्रामरी, वृक्षासन, ताड़ासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया। साथ ही ध्यान (मेडिटेशन) के माध्यम से एकाग्रता एवं मानसिक शांति प्राप्त करने के उपाय भी सीखे।

कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। इनमें सुनीता मेहता, नीलम जोजो, टिकेश्वरी साहू, शबाना, अर्चना शर्मा, मुस्कान, सारिजा बानो, भावना देवांगन, सरोज लकड़ा, शकरून, अंजली कर्ष, पान सिंह यादव एवं योगेश सर का विशेष योगदान रहा।

विद्यालय के विद्यार्थियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए विभिन्न कठिन योगासनों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। प्रियांशी आयाम, रक्षा विश्वकर्मा, माही कोसले, विवेक चंद्रा, हिमांशु बारिक, आयुष, अंकित आयाम सहित अन्य विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के समन्वयक योगेश मनहर ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट योग करने का आग्रह किया। शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का गरिमामय समापन हुआ।