पेंड्रा, 20 जून (वेदांत समाचार)। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में कॉलेज की छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना में शामिल अज्ञात ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अमझर निवासी 52 वर्षीय कृपाल सिंह गोंड अपनी 19 वर्षीय पुत्री गायत्री गोंड के साथ मोपेड से पेंड्रा जा रहे थे। गायत्री पेंड्रा कॉलेज में बीएससी द्वितीय वर्ष (बायो विषय) की छात्रा थी और शनिवार को सेमेस्टर परीक्षा देने के लिए अपने पिता के साथ घर से निकली थी।
बताया जा रहा है कि सुबह जब दोनों पेंड्रा थाना क्षेत्र की कोटमी चौकी अंतर्गत सोन नदी पुल के पास पहुंचे, तभी उनकी मोपेड एक अज्ञात ट्रक की चपेट में आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुल पर एक ट्रक ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान मोपेड चालक कृपाल सिंह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सके और उनकी मोपेड ट्रक के बेहद करीब पहुंच गई। देखते ही देखते पिता-पुत्री ट्रक की चपेट में आ गए।

हादसा इतना भयावह था कि छात्रा गायत्री गोंड की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता कृपाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोटमी चौकी और पेंड्रा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल कृपाल सिंह को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
पेंड्रा पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के बाद फरार अज्ञात ट्रक चालक की पहचान के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही दुर्घटना में शामिल वाहन और उसके चालक की पहचान कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उधर, परीक्षा देने निकली बेटी की अचानक मौत की खबर मिलते ही ग्राम अमझर में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस दुखद घटना से स्तब्ध हैं। एक होनहार छात्रा की असमय मौत ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है।
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की लापरवाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय लोगों ने दुर्घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

