बकरी चराने गया बुजुर्ग हाथी के हमले से घायल, कटघोरा वन मंडल के केंदई रेंज में हुई घटना

कोरबा,12 दिसंबर ।वन मंडल कटघोरा के पसान रेंज में घूम रहा 44 हाथियों का झुंड मरवाही वन मंडल चला गया है, लेकिन एक हाथी बच्चे के साथ झुंड से अलग होकर केंदई रेंज पहुंच गया। हाथी ने बकरी चराने गए बुजुर्ग को सूंड से उठाकर पटक दिया। इससे वह घायल हो गया। बुजुर्ग को स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

केंदई रेंज के कोरबी सर्किल में ग्राम पोड़ी खुर्द के खड़पड़ी पारा निवासी राम लाल यादव (70) पिता बच्चू लाल शनिवार सुबह 11 बजे पास के जंगल में बकरी चराने गया था। इसी दौरान उसका सामना हाथी से हो गया। वह भाग पाता इसके पहले हाथी ने सूंड से उसे पटक दिया। यह तो अच्छा था कि दलदली जमीन होने से उसकी जान बच गई।

गंभीर हालत में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। डिप्टी रेंजर एमके साहू ने बताया कि घायल बुजुर्ग को एक हजार रुपए की तत्कालिक सहायता राशि दी गई है। हाथी शुक्रवार रात ही पहुंचा है। ग्रामीणों को जंगल की ओर नहीं जाने सतर्क कर दिया गया है।