हिमाचल CM : सुखविंदर सुक्खू के नाम पर लगी मुहर, कुछ ही देर में होगी घोषणा…

शिमला ,10 दिसम्बर  हिमाचल प्रदेश के नए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर चल रहे घमासान पर विराम लग गया है। आलाकमान ने सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम पर मुहर लगा दी है। इसकी आधिकारिक घोषणा विधायक दल की बैठक के बाद की जाएगी। इस बारे में कांग्रेस नेता सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा, ‘मुझे कोई जानकारी नहीं है। अभी कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई गई है। आलाकमान ने क्या तय किया है मुझे उसकी जानकारी नहीं है।’ वहीं, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा वीरभद्र सिंह, कांग्रेस नेता सुखविंदर सिंह सुक्खू और अन्य पार्टी नेताओं ने कांग्रेस विधायक दल की बैठक से पहले एक-दूसरे से बातचीत की। जानकारी के अनुसार, कांग्रेस ने राजभवन से 5 बजे मिलने का समय मांगा है।

बता दें कि हिमाचल में सीएम पद को लेकर शुक्रवार रात को नवनिर्वाचित विधायकों द्वारा सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पास किया गया, जिसमें सीएम चुनने के लिए कांग्रेस आलाकमान को अधिकृत किया गया। हालांकि, इसके बाद शनिवार को भी मुख्यमंत्री पद को लेकर खींचतान जारी रही, लेकिन अब सुखविंदर सिंह सुक्खू का नाम तय हो गया है।

होटल में विधायकों का जमावड़ा
शनिवार सुबह से ही कांग्रेस विधायक शिमला के सेसिल होटल पहुंचने लगे। सेसिल होटल में ही पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक ठहरे हुए हैं, जिनमें छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा शामिल हैं। हिमाचल में कांग्रेस को स्पष्ट जनादेश मिला है। हिमाचल में कांग्रेस को 40 सीटों पर जीत मिली है।