भारत की महिलाओं को 10 साल पहले पुरुषों के बराबर आता था गुस्सा, अब उनसे 12% ज्यादा

अमेरिका से अफ्रीका और एशिया से यूरोप तक, पिछले 10 साल में दुनिया तेजी से बदली है। लोगों में तनाव, गुस्सा और चिंता का स्तर बढ़ा है। अब लोग पहले से ज्यादा उदास और दुखी हैं। महिलाएं तो और भी ज्यादा।

पिछले एक दशक में लोगों के बदलते मानसिक हालात जानने और उनकी भावनाएं समझने के लिए गैलप वर्ल्ड पोल ने 2012 से 2021 तक 150 देशों के 12 लाख लोगों पर सर्वे किया। इसमें उन्होंने बताया कि 10 साल पहले महिला-पुरुष में गुस्सा और तनाव का स्तर समान था, लेकिन 10 साल से महिलाओं में तनाव ज्यादा बढ़ गया है। वे अब ज्यादा आक्रोशित होने लगी हैं।

महिलाओं में गुस्से का स्तर 6% ज्यादा


आंकड़ों में कहें तो दुनियाभर में महिलाओं में आक्रोश का स्तर पुरुषों से 6% ज्यादा है। भारत और पाकिस्तान की महिलाओं में तनाव और गुस्से का स्तर दुनिया से दोगुना, यानी 12% है। भारत में जहां पुरुषों में गुस्से का स्तर 27.8% है, वहीं महिलाओं में यह 40.6% है। कोरोना महामारी के दो सालों में यह और भी ज्यादा बढ़ा।

आत्मनिर्भरता ने बराबरी की बात करना सिखाया


मनोवैज्ञानिक डॉ. लक्ष्मी विजय कुमार दुनियाभर की महिलाओं में बढ़ते तनाव और गुस्से की वजह बताती हैं। वे कहती हैं- तमाम देशों में महिलाएं पहले से ज्यादा शिक्षित हुईं और नौकरी करने लगीं। इससे उनमें आत्मनिर्भरता को लेकर कॉन्फिडेंस आया, लेकिन घरों में पितृसत्तात्मक व्यवस्था अभी बरकरार है, जबकि बाहर बराबरी की बात की जाती है।

इस असंतुलन के बीच पिस रही महिलाएं अब आवाज उठाने लगी हैं। वे अपना गुस्सा जाहिर करने लगी हैं। पहले महिलाओं का गुस्सा करना गुस्से की वजह से भी ज्यादा बुरा माना जाता था। हालांकि समाज की सोच बदली है। अब यह नैतिक दबाव कम हुआ है। एक दशक में महिलाएं अपनी भावनाएं जाहिर करने में मुखर हुई हैं।

कम वेतन, ज्यादा अपेक्षाओं से गुस्सा बढ़ रहा


महिलाओं के गुस्से पर किताब ‘रेज बिकम्स हर’ लिखने वाली अमेरिकी लेखक सोराया शेमली कहती हैं- स्वास्थ्य जैसी सेवाओं में महिलाओं की भागीदारी ज्यादा है, लेकिन काम की अपेक्षा वेतन कम मिलता है। उनसे अपेक्षाएं ज्यादा होती हैं, यही अपेक्षा महिलाओं से घरों में भी होती है। इस वजह से उनमें गुस्सा बढ़ रहा है।

1. शादीशुदा महिला 8 महीने के बच्चे का अबॉर्शन चाहती थी: अस्पताल नहीं हुआ तैयार; कानूनी लड़ाई के बाद मिली इजाजत

प्रेग्नेंसी को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट ने एक बड़ा फैसला सुनाया है। दरअसल, 26 साल की एक शादीशुदा महिला ने अपने 33 हफ्ते यानी लगभग 8 महीने के भ्रूण को गर्भ में गिराने की याचिका दायर की थी। जिसकी हाईकोर्ट ने अनुमति दे दी है। जी हां, सही पढ़ा आपने।

2. क्या दुनिया से विलुप्त हो जाएंगे पुरुष: इन्हें नर बनाने वाला जीन खत्म हो रहा, ऐसा हुआ तो सिर्फ महिलाएं बचेंगी

इंसानों और दूसरे स्तनधारी जीवों (मैमल्स) का लिंग Y क्रोमोसोम पर निर्भर करता है। इसकी मौजूदगी पर ही एक व्यक्ति का सेक्स नर होता है। लेकिन प्रोसीडिंग्स ऑफ द नेशनल एकेडमी ऑफ साइंस में छपी रिसर्च के मुताबिक, पुरुषों में यह क्रोमोसोम धीरे-धीरे गायब होता जा रहा है।

3. शरीर हमारा, फैसला उनका: डियर मर्द… एक दिन अकेले सड़कों पर चलकर तो देखिए, पता चल जाएगा औरतों के लिए दुनिया कैसी है

फर्ज करिए कि आप पुरुष हैं और किसी नौकरी का इंटरव्‍यू देने गए हैं। क्‍या जॉब से जुड़ी जरूरी क्‍वालिफिकेशंस के साथ आपको ये बताया जाता है कि इस नौकरी के लिए किस तरह के कपड़े पहनने होंगे, कैसे जूते पहनने होंगे, किस तरह अपने बाल सजाने होंगे और चेहरे पर क्‍या-क्‍या मेकअप लगाना होगा। क्‍या-क्‍या करना होगा के साथ-साथ एक लंबी लिस्‍ट उन कामों की, जो आप नहीं कर सकते।