कोरबा से स्थानांतरित अधिकारी को अब तक कार्यमुक्त नहीं किए जाने पर कलेक्टर से कार्रवाई की मांग - vedantsamachar.in

कोरबा से स्थानांतरित अधिकारी को अब तक कार्यमुक्त नहीं किए जाने पर कलेक्टर से कार्रवाई की मांग

कोरबा, 18 जून। कोरबा जिले में पदस्थ सहायक परियोजना अधिकारी मोहनीश आनंद देवांगन को स्थानांतरण आदेश के बावजूद अब तक कार्यमुक्त नहीं किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में बरपाली निवासी लखन गोस्वामी ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर अधिकारी को तत्काल कोरबा जिले से कार्यमुक्त करने की मांग की है।

ज्ञापन में बताया गया है कि राज्य शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा 20 फरवरी 2026 को जारी आदेश के तहत मोहनीश आनंद देवांगन का स्थानांतरण कोरबा से अन्य जिले के लिए किया गया था। वर्तमान में वे जनपद पंचायत पाली में प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी के रूप में पदस्थ हैं।

आवेदनकर्ता का आरोप है कि स्थानांतरण आदेश जारी होने के लगभग चार माह बाद भी संबंधित अधिकारी को कार्यमुक्त नहीं किया गया है। ज्ञापन में कहा गया है कि शासन के आदेश में 10 दिवस के भीतर नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन आज तक इसका पालन नहीं हुआ है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि शासन के आदेशों का समय पर पालन नहीं होना प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। आवेदनकर्ता ने कलेक्टर से मांग की है कि शासन के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करते हुए मोहनीश आनंद देवांगन को जनपद पंचायत पाली के प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी पद से कार्यमुक्त कर उनके स्थानांतरण आदेश का क्रियान्वयन कराया जाए।

इस संबंध में ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, गृह मंत्री, कोरबा लोकसभा सांसद तथा रामपुर विधायक को भी प्रेषित की गई है।