छत्तीसगढ में ठंड बढ़ने के फिर बढ़े आसार, जानें कब से पड़ेगी ठंड …

रायपुर ,03 दिसम्बर । प्रदेश में पिछले दो-तीन दिनों से रात के तापमान में हुई वृद्धि के कारण ठंड घट गई है। पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होने के कारण फिर ठंड बढ़ने की संभावना है। अगले एक-दो दिनों में रात के तापमान में दो से तीन डिग्री की कमी आ सकती है। शनिवार तक प्रदेश के सभी हिस्सों में ठंड लगभग कम रही। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि प्रदेश में मौसम शुष्क होने लगा है। उत्तरी से ठंडी हवा आने का सिलसिला शुरू होते ही ठंड बढ़ने लगेगी।

बंगाल की खाड़ी में बन रहे सिस्टम के कारण समुद्र से नमी आने के कारण पूरे प्रदेश में ठंड कम हो गई है। उत्तर भारत में एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ था। इसकी वजह से उत्तर से ठंडी और शुष्क हवा के आने का सिलसिला थम गया था। दूसरी तरफ समुद्र से नमी भी आ रही थी। नमी के कारण रात का तापमान बढ़ गया था। जगदलपुर में तापमान 18.6 डिग्री रिकार्ड किया गया। 

यह सामान्य से छह अधिक है। रायपुर में भी 17.3 डिग्री रहा। यह भी सामान्य से तीन अधिक है। बिलासपुर, पेंड्रारोड, अंबिकापुर सहित अन्य जगहों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से एक से तीन डिग्री तक ज्यादा है।