गांजा समेत दो तस्कर गिरफ्तार

गुवाहाटी,1 दिसंबर। गुवाहाटी के वशिष्ठ पुलिस की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर अभियान चलाकर गांजा समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।पुलिस ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए अभियान के दौरान कार (एएस-25बीसी-7762) की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार के अंदर से 600 ग्राम गांजा बरामद किया गया। थाना क्षेत्र के बेहारबारी इलाके में चलाए गए अभियान के दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार तस्करों की पहचान सुरेन दैमारी और दिनेश दैमारी के रूप में की गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपित उदालगुड़ी जिला के माजबाट के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत एक प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।