सक्ती, 17 जून (वेदांत समाचार)। जिले के सक्ती थाना क्षेत्र से एक संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां 4 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 14 वर्षीय नाबालिग आरोपी को हिरासत में लेकर बाल न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की और उसे बाल संप्रेक्षण गृह कोरबा भेज दिया है।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। जांच में पता चला कि आरोपी और पीड़ित बच्ची के परिवारों के बीच पहले से परिचय था और दोनों एक ही समाज से जुड़े होने के कारण घर आना-जाना था। इसी परिचय और सुनसान मौके का फायदा उठाकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।
पीड़ित बच्ची की मेडिकल जांच कराई जा रही है और विशेषज्ञों के जरिए उसकी काउंसलिंग भी की जाएगी। जांच टीम मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल कर रही है। सक्ती एसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने पुष्टि की कि आरोपी का घर में आना-जाना था और अकेला मौका पाकर उसने यह अपराध किया।
यह मामला सिर्फ एक आपराधिक घटना नहीं बल्कि समाज के लिए गंभीर चेतावनी है। कम उम्र में बच्चों का ऐसे अपराधों में शामिल होना परिवार, स्कूल, समाज और डिजिटल माध्यमों की भूमिका पर सवाल खड़े करता है। विशेषज्ञों का मानना है कि बचपन से ही बच्चों को नैतिक मूल्यों, सम्मान और सही-गलत की समझ देना जरूरी है, क्योंकि एक पल की गलती किसी की भी जिंदगी बर्बाद कर सकती है।

