22 साल का हुआ झारखंड, कल स्थापना दिवस में सीएम हेमंत करेंगे इन बड़ी योजनाओं की शुरुआत

15 नवंबर को झारखंड 22 साल का हो जाएगा। अलग राज्य के रूप में झारखंड का गठन 15 नवंबर 2000 को किया गया था। कल राज्य का 22वां स्थापना दिवस मनाया जाएगा। राजधानी रांची स्थित ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में भव्य कार्यक्रम होगा। इस मंच से मुख्यमंत्री राज्य की जनता के लिए कई सौगातों की भी बरसात करेंगे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 15 नवंबर को शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी 4 बड़ी योजनाओं की शुरुआत करेंगे। इसके अलावा किसानों के लिए एप और पोर्टल लॉंच करेंगे। 2 नई औद्योगिक पॉलिसी का भी शुभारंभ करेंगे। 

किसान राहत एप एवं पोर्टल की लॉंचिंग
15 नवंबर को झारखंड के सूखा प्रभावित इलाकों के पीड़ित किसानों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से किसान राहत एप और पोर्टल लॉंच किया जाएगा। इस एप और पोर्टल के जरिए किसानों को आर्थिक सहायता दी जाएगी। 15 नवंबर से 19 दिसंबर तक सूखाग्रस्त घोषित किए गए प्रखंडों में कैंप लगाकर एप और पोर्टल में सूखा पीड़ित किसानों का रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। गौरतलब है कि इस बार झारखंड की कृषि अनियमित मानसून की भेंट चढ़ गई। राज्य सरकार ने 24 में से 22 जिलों के 226 प्रखंडों को सूखा प्रभावित इलाका घोषित किया है। सरकार ने सूखा प्रभावित इलाकों में फिलहाल प्रति परिवार 3500 रुपये की आर्थिक सहायता दी है। बाकी की सहायता केंद्र सरकार से मांगी गई है। 

सदर अस्पताल की नई बिल्डिंग का उद्घाटन
रांची वासियों को इलाज में सुविधा हो। इसके लिए रांची सदर अस्पताल की नई बिल्डिंग का भी उद्घाटन किया जाएगा। गौरतलब है कि 500 बेड की क्षमता वाली अस्पताल की नई बिल्डिंग पिछले महीने ही सिविल सर्जन को सौंपी गई है। इसमें 200 बेड में फिलहाल इलाज किया जा रहा है। उद्घाटन के बाद बाकी 300 बेड पर भी इलाज हो सकेगा। बता दें कि 2007 में ही इस बिल्डिंग की आधारशिला रखी गई थी। इस अस्पताल में गंभीर और असाध्य रोगों के इलाज के लिए भी अत्याधुनिक सुविधाएं मौजूद होंगी। 

शिक्षा से जुड़ी 4 बड़ी योजनाओं का शुभारंभ
मुख्यमंत्री, राज्य स्थापना दिवस वाले दिन शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी 4 बड़ी योजनाओं का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री इस दिन गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना, मुख्यमंत्री शिक्षा प्रोत्साहन योजना, सीएम सारथी योजना और एकलव्य स्कील स्किम लांच करेंगे। गुरुजी क्रेडिट योजना के तहत मेडिकल और इंजीनियरिंग के अलावा अन्य शोध कार्य हुए लाभुक को 15 लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण दिया जाएगा। लाभुक को इसे 15 साल में लौटाना होगा। मुख्यमंत्री शिक्षा प्रोत्साहन योजना के तहत लाभुकों को इंजीनियरिंग, मेडिकल, लॉ, जनसंचार, फैशन डिजाइनिंग, होटल मैनेजमेंट और चार्डट एकाउंट की पढ़ाई के लिए फ्री कोचिंग दी जाएगी। इसके लिए 10वीं पास युवा आदेवन कर सकेंगे। एकलव्य स्किल स्कीम के तहत युवाओं को वोकेशनल ट्रेनिंग दी जाएगी। 

दो बड़ी औद्योगिक पॉलिसी की होगी शुरुआत
सीएम हेमंत सोरेन 15 नवंबर को इंडस्ट्रियल पार्क एंड लॉजिस्टिक पॉलिसी 2022 तथा इलेक्ट्रिकल व्हीकल पॉलिसी-2022 भी लॉंच करेंगे। इंडस्ट्रियल पार्क एंड लॉजिस्टिक पॉलिसी के तहत राज्य सरकार निजी क्षेत्र के उद्योगों को सब्सिडी का लाभ देगी। नीति के तहत झारखंड में 10 एकड़ भूमि पर 5 यूनिट का पार्क बनाने पर 7 करोड़ रुपये की सब्सिडी देगी। 15 एकड़ भूमि पर 6 यूनिट का पार्क लगाने पर 9.55 करोड़ रुपये की सब्सिडी देगी। 25 एकड़ भूमि पर 8 यूनिट का पार्क लगाने पर 14.65 करोड़ रुपये की सब्सिडी देगी। 75 एकड़ भूमि पर 18 यूनिट पार्क लगाने पर 40 करोड़ रुपये की सब्सिडी देगी। सरकार का प्रयास है कि राज्य में औद्योगिकरण को बढ़ावा देकर रोजगार पैदा किया जा सके।

इलेक्ट्रिकल व्हीकल पॉलिसी-2022 के तहत झारखंड में इलेक्ट्रिकल गाड़ियों की खरीद पर सरकार 1 हजार रुपये से लेकर 20 लाख तक की छूट देगी। सरकार प्रदूषण नियंत्रण के लिए झारखंड इथेनॉल प्रोडक्शन पॉलिसी-2022 भी ला रही है। निवेशकों को राज्य में इथेनॉल प्रोडक्शन प्लांट लगाने पर 25 फीसदी तक कैपिटल सब्सिडी का लाभ मिलेगा। लघु उद्यमों को सब्सिडी के रूप में 10 करोड़ और बड़े उद्योगों को 30 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी मिलेगी। 

मोरहाबादी मैदान में आयोजित होगा भव्य कार्यक्रम
बता दें कि झारखंड में स्थापना दिवस की तैयारियां जोरों पर है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इस मौके पर झारखंड आ रही हैं लेकिन राजकीय समारोह में शामिल नहीं होंगी। राष्ट्रपति रांची एयरपोर्ट से सीधा भगवान बिरसा मुंडा के जन्मस्थान उलिहातू जाएंगी। वहीं मोरहाबादी में भव्य समारोह का आयोजन किया गया है जहां मुख्यमंत्री योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।