जिले में अब तक 1001 क्विंटल धान की हुई खरीदी, धान खरीदी में आई तेजी…मिलर्स द्वारा किया जा रहा तत्काल धान का उठाव

जांजगीर-चांपा 11 नवम्बर । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देशन में प्रदेश भर में गत 1 नवम्बर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ हुई है। इसी कड़ी में कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा के दिशा निर्देशन में अब तक जिले में समर्थन मूल्य पर 1001 क्विंटल की धान खरीदी हो गई है। धान की खरीदी करने के बाद उपार्जन केन्द्र द्वारा राइस मिलर का तत्काल डी ओ जारी कर बम्हनीडीह खरीदी केंद्र से धान का उठाव कार्य प्रारंभ किया गया। इसके साथ ही जांजगीर-चांपा के मिलर द्वारा बलौदा बाजार का भी धान समिति से ही सीधे उठाव प्रारंभ कर दिया गया है।


कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा के मार्गदर्शन में सभी उपार्जन केन्द्रों में किसानों की सुविधा की दृष्टि से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई है। पेयजल, शौचालय, सीसी टीव्ही कैमरे से लेकरा बारदानों, तकनीकी उपकरणों की पर्याप्त व्यवस्था उपार्जन केन्द्रों में उपलब्ध हैं वहीं कलेक्टर के निर्देशानुसार सभी उपार्जन केन्द्रों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए है। नोडल अधिकारियों के द्वारा धान खरीदी हेतु उपार्जन केन्द्रों का जायजा लेकर कोचियों-बिचौलियों पर निगरानी रखा जा रहा है।