हेमा मालिनी ने मथुरा के रास महोत्सव में दी मनमोहक नृत्य की प्रस्तुति

लखनऊ। मथुरा के जवाहरबाग में हेमा मालिनी ने महारास रचाया। 74 साल की हेमा मालिनी करीब 1 घंटे तक मंच पर रहीं। श्रीकृष्ण के साथ महारास प्रस्तुति के दौरान उनकी फिटनेस देखते ही बनी। कृष्ण की बांसुरी की धुन पर उनकी भाव भंगिमाएं अद्भुत नजर आईं। बुधवार शाम करीब सवा सात बजे जैसे ही महारास प्रारम्भ हुआ, गीत संगीत की स्वर लहरियों में जवाहर बाग गूंज उठा। हर किसी की नजर महारास पर टिक गईं। प्रस्तुति जैसे-जैसे आगे बढ़ी दर्शक भाव विभोर होकर उसमें खोते चले गए।

जवाहर बाग में बिखरी इस अदभुत छटा झंकार दर्शकों के दिलो दिमाग पर उतरती गई। पहले यह महारास कार्यक्रम मंगलवार को होना था, जिसमें सीएम योगी को भी पहुंचना था। हालांकि, बारिश के कारण कार्यक्रम नहीं हो पाया। फिर इसे गुरुवार को किया गया। हेमा मालिनी ने महारास की पूरी थीम खुद तैयार की थी। मथुरा में ये उनकी पहली मंचीय प्रस्तुति नहीं है। इससे पहले उन्होंने 2015 और 2018 में छटीकरा, वृंदावन और वेटेरिनरी विश्वविद्यालय में भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुत किया था। सांसद के प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा ने बताया कि हेमा मालिनी ने महारास की तैयारी खुद की है।