रीपा योजनांतर्गत चयनित मझगवां और आनी गौठान पहुंचे कलेक्टर


अधोसंरचना निर्माण से लेकर गतिविधियों के चयन के संबंध में अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
स्व सहायता समूह की महिलाओं से आजीविकामूल गतिविधियों पर की चर्चा
जिलास्तरीय नोडल अधिकारी प्रत्येक गौठान में जाकर करें निरीक्षण – कलेक्टर

कोरिया 07 नवम्बर | कलेक्टर विनय कुमार लंगेह आज जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नम्रता जैन के साथ विकासखण्ड बैकुण्ठपुर में ग्रामीण औद्योगिक पार्क (रीपा) हेतु चयनित मझगंवा तथा आनी गौठान पहुंचे। कलेक्टर श्री लंगेह ने यहां महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क हेतु अधोसंरचना निर्माण का जायजा लिया तथा कार्य का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों पर विभिन्न तकनीकी विषयों की जानकारी लेते हुए कलेक्टर श्री लंगेह ने कहा कि राज्य शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक गौठान में आजीविकामूलक गतिविधियों का संचालन किया जाना है, महिलाओं की रुचि के अनुसार गतिविधियों का संचालन किया जाए।उल्लेखनीय है कि जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के चयनित गौठानों में ग्रामीण औद्योगिक पार्क विकसित किए जा रहे है।

संचालित आजीविकामूलक गतिविधियों का लिया जायजा, स्व सहायता समूह की महिलाओं से की चर्चा
कलेक्टर श्री लंगेह ने इस दौरान गौठानों में वर्तमान में संचालित आजीविकामूलक गतिविधियों का जायजा लिया। मझगंवा गौठान में वर्मी कम्पोस्ट निर्माण का कार्य कर रही महिलाओं से चर्चा कर कलेक्टर ने खाद निर्माण तथा गोबर खरीदी की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक शुक्रवार को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी गौठानो में जाकर निरीक्षण करें।


इसी प्रकार आनी गौठान में संचालित वर्मी कम्पोस्ट निर्माण, मशरूम उत्पादन, मुर्गी तथा बकरी शेड का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर श्री लंगेह ने महिलाओं से उत्पादन, बिक्री तथा समूह को हुए लाभ के सम्बंध में चर्चा की। उन्होंने गतिविधियों हेतु आवश्यकतानुसार महिलाओं का प्रशिक्षण कराए जाने के निर्देश दिए।