धमतरी-सिंचाई पानी और फसल क्षतिपूर्ति मांगने पहुंचे किसान,कलेक्ट्रेट में सौंपा ज्ञापन

धमतरी, 21अक्टूबर।भाजपा किसान मोर्चा ने किसानों की समस्याओं को लेकर राज्यपाल के नाम कलेक्ट्रेट में विभिन्न मांगों का ज्ञापन सौंपा। भाजपा किसान मोर्चा के सदस्यों ने कहा कि मोर्चा सदैव किसानों के हित में खड़ा है। अभी हाल में हुए बेमौसम बारिश से किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें आ गई है। वहीं किसान मोर्चे के लगातार आंदोलन के चलते सरकार एक नवंबर से धान खरीदी तो प्रारंभ कर रही है। किंतु पूर्व वर्ष में हुई बारदाने की कमी व टोकन की मारा-मारी ये सरकार पूर्व ही दुरूस्त करे।

जिले के समस्त जलाशय से सिंचाई हेतु रबी फसल एवं उतेरा के लिए किसानों के मांग अनुसार क्षेत्र रकबा और पानी दिए जाए। बेमौसम बारिश के चलते धान, सोयाबीन व अन्य की फसलें बर्बाद हो गई है। जिसका तत्काल सर्वे प्रारंभ कराया जाए व क्षतिपूर्ति प्रदान किया जाए। बारिश से खराब हुए फसलों उचित सर्वे कर किसानों को बीमा का वास्तविक लाभ प्रदान किया जाए। समर्थन मूल्य पर धान की लिमिट प्रति एकड़ 20 क्विंटल किया जाए। पिछला दो साल के बकाया बोनस राशि तत्काल दीपावली पर्व के पहले किसानों के खाते में ट्रांसफर किया जाए। जिले के सभी एनीकेट में जलभराव भरा रहे उसे खाली न किया जाए ताकि आसपास के क्षेत्र में भूमिगत जल स्रोत का स्तर बना रहे। खराब एनीकेट की तत्काल मरम्मत कर दुरुस्त किया जाए।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से वीरेंद्र साहू जिलाध्यक्ष भाजपा किसान मोर्चा, कवींद्र जैन, बीथिका विश्वाश जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा, रोहिताश मिश्रा महामंत्री, डिपेंद्र साहू विधायक प्रतिनिधि, तारेंद्र चंद्राकर जिला कोषाध्यक्ष , दीनबंधु चंद्राकर मंत्री भाजपा किसान मोर्चा, दिलीप पटेल जिला कार्यालय प्रभारी किसान मोर्चा, महावीर सिन्हा, हरिओम साहू भोथली, चम्मन साहू मेघा मंडल अध्यक्ष इसके अतिरिक्त बड़ी संख्या में किसान व कार्यकर्त्ता उपस्थित रहे।