कांकेर : बस में वृद्ध महिला से चेन स्नैचिंग के पांच महिला आरोपित गिरफ्तार

कांकेर, 16 अक्टूबर। जिले के सिटी कोतवाली में पीड़िता वृद्ध महिला ने 14 अक्टूबर को रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह अपने रिश्तेदारों के साथ बस में गोविंदपुर से अपने गांव हॉटकर्रा जाने निकली थी, बस में सवार होकर कुछ दूर जाते ही उसे आभास हुआ कि उसके गले में पहना हुआ सोने का नेकलेस किसी अज्ञात द्वारा खींचकर लूट लिया गया है। पुलिस ने गहनता से जांच-पड़ताल करते हुए पांच महिला आरोपितों को गिरफ्तार कर शनिवार को नेकलेस बरामद कर जेल दाखिल कर दिया है।

सोने की चेन स्नैचिंग मामले में कांकेर पुलिस ने पांच महिला आरोपितों ठुठो बाई गिरी गोस्वामी पति स्व मुन्ना गोस्वामी उम्र 40 वर्ष, लोहरीन बाई गिरी गोस्वामी पति हरीनाथ गिरी गोस्वामी उम्र 45 वर्ष, राम बाई गिरी गोस्वामी पति हरीनाथ गिरी गोस्वामी उम्र 38 वर्ष, दूज बाई गिरी गोस्वामी पति सुरेश गिरी गोस्वामी उम्र 30 वर्ष, अंजलि गिरी गोस्वामी पति मनोज स्वामी निवासी ठिहाईभाटा थाना बांगो जिला कोरबा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित महिलाओं के कब्जे से लुटी गई सोने की नेकलेस बरामद किया गया है।

विवेचना के दौरान बस सवार यात्रियों के संबंध में जांच की गई बस के परिचालक एवं कंडक्टर से पूछताछ में ज्ञात हुआ कि कांकेर बस स्टैंड से बस में एक साथ कांकेर से मरकाटोला जाने के लिए पांच महिलाएं सवार हुई थी, जो कि मरकाटोला तक टिकट लेने के बावजूद वे महिलाएं बस के मरकाटोला पहुंचने से पहले रास्ते में ही ग्राम मुरडोंगरी के पास बस से उतर गई थी। पीड़िता से सोने के नेकलेस स्नेचिंग की घटना होने के कुछ देर बाद ही बस से बीच रास्ते में उतरी पांच संदिग्ध महिलाओं के संबंध में विवेचना के दौरान पुलिस को जो जानकारी प्राप्त हुई, उस जानकारी के आधार पर कांकेर पुलिस द्वारा योजनाबद्ध तरीके से उक्त संदिग्ध महिलाओं की पतासाजी प्रारम्भ किया गया।

सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से रात्रि में संदिग्ध महिलाएं मकड़ी चौक पास एक टाटा मैजिक वाहन में सवार होकर कांकेर की ओर आती दिखाई देने पर कांकेर पुलिस टीम द्वारा उक्त संदिग्ध महिलाओं को बस स्टैण्ड कांकेर में एक साथ बस के इंतजार करते मिली, जिनसे पूछताछ किया गया। संदिग्ध महिलाएं पुलिस को गोलमोल जवाब देकर बच निकलने का प्रयास करती रही पर पुलिस द्वारा, दक्षता से पूछताछ कर संदिग्ध महिलाओं की तलाशी कराई गई तलाशी में पांचों महिलाओं की संयुक्त आधिपत्य के बैग के अंदर तंबाकू की डिब्बे में छुपा कर रखा हुआ पीड़िता से लूटा गया सोने का नेकलेस बरामद हुआ। सभी गिरफ्तार आरोपित महिलाओं को थाना कांकेर में कार्रवाई के उपरांत शनिवार को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।