जांजगीर-चांपा में अवैध रेत कारोबार पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, नवापारा में रेत नदी में डलवाई, अकलतरा में 45 हाइवा रेत जब्त - vedantsamachar.in

जांजगीर-चांपा में अवैध रेत कारोबार पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, नवापारा में रेत नदी में डलवाई, अकलतरा में 45 हाइवा रेत जब्त

जांजगीर-चांपा, 09 जून (वेदांत समाचार)। जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से संग्रहित रेत को जब्त किया जा रहा है।

जिला खनिज विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, नवापारा क्षेत्र में अवैध रूप से संग्रहित रेत पाए जाने पर प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए पूरी रेत को पुनः नदी में डलवा दिया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया और अवैध भंडारण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की।

वहीं, अकलतरा तहसील क्षेत्र में भी अवैध रेत भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। जांच के दौरान लगभग 45 हाइवा रेत का अवैध भंडारण पाया गया। राजस्व एवं संबंधित विभागीय अमले ने मौके पर पहुंचकर रेत को जब्त कर लिया और संबंधित प्रकरणों में नियमानुसार कार्रवाई की।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने अधिकारियों को जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध रेत कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है। जिले में खनिज संपदा के संरक्षण और राजस्व नुकसान रोकने के लिए आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान जारी रहने की संभावना है।