हमर बेटी हमर मान अभियान : पुलिस अधिकारियों ने बालिकाओं को महिला सुरक्षा की दी जानकारियां

कोण्डागांव, 15 अक्टूबर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य की बेटियों को सशक्त और सुरक्षित करने के उद्देश्य से हमर बेटी- हमर मान अभियान की शुरुआत की है।इसी तारतम्य में शुक्रवार को कोण्डागांव पुलिस की महिला अधिकारियों द्वारा हाई स्कूल बंजोड़ा एवं हायर सेकेंडरी स्कूल दहीकोंगा में अध्ययनरत बालिकाओं को हमर बेटी हमर मान अभियान की जानकारी दी गई। इस अभियान में उप पुलिस अधीक्षक डॉ भूवनेश्वरी पैकरा ने अपनी टीम के साथ बंजोड़ा एवं दहीकोंगा जाकर स्कूल की बच्चियों को हमर बेटी हमर मान के तहत राज्य की बेटियों के लिए जारी हेल्पलाइन नंबर 91 1800 123 6010 की जानकारी दी, जिस पर शिकायत करने पर तुरंत कार्रवाई होगी।

इस अभियान के तहत महिला पुलिस अफसरों ने बच्चियों से मुलाकात कर उन्हें उनके कानूनी अधिकार, गुड टच, बैड टच, छेड़खानी, यौन शोषण, साइबर क्राइम, सोशल मीडिया क्राइम के बचाव और उनके अधिकारों पर जानकारियां दी। महिला सुरक्षा हेतु लांच किए गये एप के संबंध में भी स्कूल की बच्चियों को उसके इस्तेमाल के बारे में प्रशिक्षित किया गया और अभिव्यक्ति एप की जानकारी भी दी गई। जिसमें पीड़ित महिला द्वारा अपने मोबाइल से अभिव्यक्ति एप में एसओएस बटन दबाने पर तत्काल घटनास्थल पर पुलिस की सहायता उपलब्ध होगी। साथ ही कोण्डागांव जिले में कार्यरत महिला सेल एवं महिला परामर्श केंद्र के बारे में भी विस्तार से बताया गया। कार्यक्रम के दौरान निरीक्षक अर्चना धुरंधर, आंगनबाड़ी स्वास्थ्यकर्ता, मितानिन, स्कूल के शिक्षक एवं बच्चियां उपस्थित रहे।