DHAMTARI NEWS : त्योहारी बाजार में लग रही भीड़, पुलिस बना रही व्यवस्था


धमतरी, 15अक्टूबर। दीपावली पर्व की खरीदी- बिक्री शुरू हो गई है। इसके चलते शहर में लोगों की आवाजाही में भी बढ़ोतरी देखी जा रही है। दीपावली पर्व को मुश्किल से सप्ताह भर का समय शेष रह गया है, ऐसे में लोग खरीददारी के लिए बाजार पहुंच रहे हैं। धमतरी शहर से लगे हुए आस-पास के गांव से भी लोग खरीदी के लिए शहर पहुंच रहे हैं। त्योहारी भीड़ के चलते कई बार शहर के अंदर जाम की स्थिति भी बन रही है। यातायात पुलिस ने लोगों की सुगमता के लिए व्यवस्था बनाई है ताकि लोगों को आने जाने में दिक्कतों का सामना न करना पड़े।

दीपावली त्योहार के मद्देनजर खरीदारी करने वाले आने वाले आमजनों के लिए सुगम यातायात व्यवस्था के लिए दोपहिया- चारपहिया वाहनों के लिए पुलिस ने पार्किंग निर्धारित की है। दीपावली त्योहार को देखते हुए शहर में पार्किंग व्यवस्था के लिए निम्न स्थानों को चिन्हाकित किया गया है। मकई गार्डन -रायपुर मार्ग, दुर्ग मार्ग तरफ से आने वाले ग्राहक अपने वाहन को मकई चौक में पार्क करेगें। इसी तरह से गांधी मैदान में अंबेडकर चौक, सोरम-भटगांव से आने वाले ग्राहक गौरवपथ आमातालाब होकर अपने वाहनों को गांधी मैदान में पार्क कर सकेंगे। नूतन स्कूल मराठापारा में बांस पारा, मराठापारा, रामबाग के ग्राहक अपने वाहन को उमावि नूतन के खेल परिसर में पार्क कर सकेंगे। एकलव्य खेल परिसर में रूद्री, गंगरेल, मरादेव, लक्ष्मी निवास, कर्मा चौक के तरफ से आने वाले ग्राहक अपने वाहनों को एकलव्य खेल परिसर में पार्क करेंगे। गोशाला मैदान में नहर नाका तरफ से आने वाले ग्राहक अपने वाहन को गौशाला मैदान में पार्क करेंगे।

चार पहिया वाहनों में लगाया गया प्रतिबंध

दीपावली त्योहार में सुगम बाधारहित यातायात व्यवस्था बनाने त्योहारी सीजन में घड़ी चौक से विंध्यवासिनी मंदिर तक चार पहिया वाहनों में प्रतिबंध लगाया गया है। चारपहिया वाहन चालक असुविधा से बचने के लिए अपने वाहनों को मकई गार्डन पार्किंग, एकलव्य खेल परिसर, गोशाला मैदान धमतरी में पार्किंग करें। गांधी मैदान, नूतन स्कूल में केवल दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था

रहेगी। पुलिस अधीक्षक प्रशांत ठाकुर ने समस्त शहरवासियों से अपील की है कि दीपावली त्योहार में सुगम बाधारहित यातायात व्यवस्था बनाने यातायात पुलिस धमतरी का सहयोग करें।