इंस्टाग्राम पर महिला का निजी वीडियो वायरल करने वाला आरोपी 72 घंटे में गिरफ्तार, चांपा पुलिस की त्वरित कार्रवाई - vedantsamachar.in

इंस्टाग्राम पर महिला का निजी वीडियो वायरल करने वाला आरोपी 72 घंटे में गिरफ्तार, चांपा पुलिस की त्वरित कार्रवाई

जांजगीर-चांपा, 9 जून 2026 (वेदांत समाचार)। सोशल मीडिया पर महिला का निजी वीडियो वायरल करने के मामले में चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को महज 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी ने चार साल पुरानी दोस्ती का फायदा उठाकर महिला का निजी वीडियो बनाया था और विवाद होने के बाद उसे इंस्टाग्राम के माध्यम से प्रसारित कर दिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता की पहचान चांपा निवासी संतोष सोनी (28 वर्ष) से हुई थी। इसी दौरान आरोपी ने महिला की जानकारी के बिना उसके निजी फोटो और वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिए। बाद में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया।

विवाद बढ़ने पर आरोपी ने बदले की भावना से महिला के निजी एवं आपत्तिजनक वीडियो इंस्टाग्राम के जरिए भेज दिए। मामले की शिकायत मिलने पर थाना चांपा पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 289/26 दर्ज कर सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66 एवं 67(ए) के तहत मामला कायम किया।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में चांपा पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है।

आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

मामले के त्वरित खुलासे में निरीक्षक राकेश सूर्यवंशी, उपनिरीक्षक बलवंत धृतलहरे, पीएसआई रुकसाना बानो, आरक्षक ईश्वरी राठौर, श्याम राठौर, गौरीशंकर राय तथा थाना चांपा के अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।