जांजगीर जिला जेल में युवक की संदिग्ध मौत, हत्या के आरोपों से मचा हड़कंप - vedantsamachar.in

जांजगीर जिला जेल में युवक की संदिग्ध मौत, हत्या के आरोपों से मचा हड़कंप

जांजगीर-चांपा, 09 जून (वेदांत समाचार)। जांजगीर जिला जेल में एक बंदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने की खबर सामने आने के बाद जेल प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मृतक की पहचान युवक दास केंवट के रूप में हुई है, जो कोरबा जिले के बांकीमोंगरा क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, युवक दास केंवट की जेल के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है। आरोप है कि बिलासपुर के दो बंदियों द्वारा उसकी पिटाई की गई, जिसके बाद उसे फांसी पर लटका दिया गया। हालांकि, इस मामले की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।

घटना के बाद जेल परिसर में हड़कंप मच गया है। वहीं, सूत्रों का दावा है कि मामले को लेकर जेल प्रबंधन द्वारा लीपापोती करने की कोशिश की जा रही है। इस बीच, मौत के वास्तविक कारणों को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह आत्महत्या का मामला है या फिर हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया है।

मृतक के परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। परिजन न्यायिक जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं, स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने भी मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई है।

फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।