फिरोजाबादः चाय पीने से एक ही परिवार के चार लोग अचेत

फिरोजाबाद, 06 अक्टूबर । थाना मटसेना क्षेत्र में बुधवार को चाय पीने से एक ही परिवार के चार लोग बेहोश हो गए। उन्हें उपचार को सरकारी ट्रामा सेंटर लाया गया। जिसे हालत गंभीर होने पर भर्ती कर लिया गया। थाना मटसेना क्षेत्र के गांव दतावली निवासी गुड्डी देवी ने बुधवार को चाय बनाई थी। चाय परिवार के रामजीलाल (48) पुत्र जयवीर, गुड्डी देवी (45) पत्नी रामजीलाल उसकी पुत्री सुमन (13) और बेटा अंकुल (13) ने पी। चाय पीने के बाद ही उन लोगों की तबीयत खराब हो गई। देखते ही देखते वह लोग अचेत हो गए। आसपास के लोगों उनके बारे में पता चला तो हड़कंप मच गया। पड़ोस के लोग उनको उपचार के लिए सरकारी ट्रामा सेंटर लाए। उनकी हालत गंभीर होने पर भर्ती कर लिया गया।

इस सम्बंध में प्रभारी निरीक्षक मटसेना शैलेंद्र सिंह चौहान का कहना है कि मामला संज्ञान में आया था। पुलिस मौके पर पहुंची थी। जांच की जा रही है। उसके बाद ही इस मामले में कुछ कहा जा सकता है।