दुर्गापूजा स्थल पर महाभारत देखने गई नाबालिग से गैंगरेप, धमकी देकर भागे आरोपी : दो गिरफ्तार

झारखंड के गढ़वा जिले में नाबालिग लड़की का अपहरण करके उसके साथ गैंगरेप किया गया। पीड़िता दुर्गापूजा स्थल पर महाभारत धारावाहिक देखने के बाद घर वापस लौट रही थी। दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।गढ़वा जिले के चिनिया में एक नाबालिग लड़की से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इस घटना को दो लोगों ने अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उधर, पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। बताया जाता है कि शनिवार रात गांव में दुर्गापूजा स्थल पर महाभारत धारावाहिक दिखाया जा रहा था। 

रात 12 बजे जब धारावाहिक खत्म हुआ तो घर जाने के दौरान नाबालिग को दो लड़कों ने जबरन उठा लिया और वहां से 200 मीटर दूर ले जाकर दुष्कर्म किया। सुबह चार बजे लड़की को यह धमकी देकर छोड़ा कि अगर किसी को घटना की जानकारी दी तो हत्या कर दी जाएगी। रविवार को पीड़िता ने थाने में नामजद केस दर्ज कराया। पुलिस ने केस दर्ज करने के एक घंटे के अंदर आरोपियों को धर दबोचा।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसे जब जबरन ले जाया जा रहा था, तब वहां पूजा समिति के पांच-छह लोग भी थे, पर किसी ने नहीं बचाया। मामले में थाना प्रभारी ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में दोनों ने दुष्कर्म में संलिप्तता स्वीकार कर ली है।