विदेशों की यात्रा करने से पहले घरेलू पर्यटन स्थलों पर जाएं : जगदीप धनखड़

नई दिल्ली,28सितम्बर। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने विश्व पर्यटन दिवस, 2022 के अवसर पर पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित कार्यक्रम में आज पुरस्कार विजेताओं को राष्ट्रीय पर्यटन पुरस्कार प्रदान किए। केंद्रीय पर्यटन मंत्री  जी. किशन रेड्डी और पर्यटन राज्य मंत्री  अजय भट्ट ने भी समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर पर्यटन मंत्रालय के सचिव  अरविन्द सिंह तथा मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

2018-19 में उद्योग की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए इस वर्ष कुल 81 पुरस्कार दिए गए। उपराष्ट्रपति ने इस अवसर पर इंडिया टूरिज्म स्टैटिस्टिक्स 2022, न्यू इनक्रेडिबल इंडिया ग्लोबल प्रोमोशनल फिल्म्स, और गो बियॉन्ड: 75 एक्सपीरियंस ऑफ नॉर्थ इंडिया ई-पुस्तक भी जारी की। अपने मुख्य भाषण के दौरान उपराष्ट्रपति  जगदीप धनखड़ ने भारत को पर्यटन के लिए स्वर्ग के रूप में वर्णित किया और भारतीयों से अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थलों को देखने से पहले घरेलू पर्यटन स्थलों को देखने के लिए कहा। भारत के लंबे सभ्यतागत इतिहास और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का जिक्र करते हुए उन्होंने रेखांकित किया कि देश के अधिकांश पर्यटन स्थलों का हमारे इतिहास, लोक कलाओं और प्राचीन ग्रंथों से गहरा संबंध है।

यह भी पढ़े:-Lalu Prasad Yadav को मिली विदेश जाने की मंजूरी, इस वजह से जब्त था पासपोर्ट…

उपराष्ट्रपति ने पर्यटन को देश में आर्थिक विकास और रोजगार सृजन का एक प्रमुख वाहक बताया। पर्यटन के विविध आयामों का उल्लेख करते हुए, उपराष्ट्रपति ने चिकित्सा पर्यटन के क्षेत्र में भारत की अपार संभावनाओं के साथसाथ आयुर्वेद और योग जैसी चिकित्सा की हमारी प्राचीन परंपराओं में बढ़ती वैश्विक रुचि का पूरी तरह से लाभ उठाने की आवश्यकता पर बल दिया। देश में पर्यटन क्षेत्र के विकास के लिए सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए, श्री धनखड़ ने कहा कि पर्यटन के बुनियादी ढांचे के विकास के साथ-साथ देखो अपना देश और उत्सव पोर्टल जैसी नवीन पहल की गई है।