स्थानीय लोगों ने गढ़िया पहाड़ नाका को बंदकर किया चक्काजाम

कांकेर, 27 सितंबर। जिले के वन प्रबंधन समिति द्वारा वर्षों से दुकान लगाने वालों को गढ़िया पहाड़ से बलपूर्वक खदेड़े जाने एवं उक्त मार्ग से गुजरने वालों से पैसे वसूले जाने से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने गढ़िया पहाड़ जाने के लिए बने मार्ग पर लगे वन विभाग के नाका को बंदकर मंगलवार को चक्काजाम कर दिया है।

स्थानीय लोग वन प्रबंधन समिति के लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ दुकान लगाए जाने की इजाजत मांग रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार पहाड़ी इलाके से घिरे कांकेर के गढ़िया पहाड़ में कभी नही सूखने वाले तालाब के साथ ही माता कांकेश्वरी, माता शीतला और भगवान शिव का मंदिर है। यहां प्रति वर्ष नवरात्र व शिवरात्रि पर मेला का आयोजन होता है। समय के साथ सड़क बनने के साथ अब पहाड़ तक पहुंचने रास्ता आसान हो गया, जिसे वन विभाग ने गढ़पिछवाड़ी के लोगों को सौंप दिया है। अब उक्त मार्ग से गुजरने वालों से पैसे वसूल किया जा रहा है, तथा वर्षों से पर्व के दौरान यहां दुकान लगाकर कारोबार करने वालों को बलपूर्वक खदेड़ा जा रहा है, जिससे छोटे कारोबारी भी परेशान हैं। पूरे घटनाक्रम से नाराज पार्षद व स्थानीय लोगों ने नाका बंद कर पहाड़ जाने का रास्ता बंद कर दिया है।