देश में मजबूत खेल संस्कृति की आधारशिला रखते हैं विश्वविद्यालय: अनुराग सिंह ठाकुर

अमृतसर ,21 सितम्बर। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने अमृतसर में गुरु नानक देव विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों (खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स, ऑल इंडिया इंटरयूनिवर्सिटी चैंपियनशिप और खेलो इंडिया यूथ गेम्स के स्थान प्राप्त करने वाले खिलाडियों समेत 25 अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी,) को सम्मानित किया। अमृतसर स्थित विश्वविद्यालय कैंपस में आयोजित 52वें वार्षिक खेल पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान अंतर्राष्ट्रीय, खेलो इंडिया और अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालय स्तरों पर विभिन्न खेल स्पर्धाओं में विश्वविद्यालय का नाम रौशन करने वाले तथा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले कॉलेजों को 2.00 करोड़ रुपये से अधिक के नकद पुरस्कार और ट्राफियां वितरित की गयीं।

अनुराग सिंह ठाकुर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए  उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा, स्वयं विश्वविद्यालय से भी पहले है और यह देश के प्रमुख खेल विश्वविद्यालयों में से एक है। जब हम एक खेल संस्कृति विकसित करने की बात करते हैं, तो यह उन विश्वविद्यालयों में है, जो ऐसा करने के लिए आधार तैयार करते हैं।

यह भी पढ़े :नवीन अंशदायी पेंशन योजना के अंतिम आहरण पर रोक

गुरु नानक देव विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा स्वयं बोलती है, क्योंकि इसने रिकॉर्ड 23 बार प्रतिष्ठित मौलाना अबुल कलाम आज़ाद (एमएकेए) ट्रॉफी जीती है। केवल अबुल कलाम आज़ाद ट्राफियां ही नहीं, बल्कि 34 अर्जुन, 2 द्रोणाचार्य और 6 पद्म श्री पुरस्कार विजेता भी इस विश्वविद्यालय के हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि महिला एथलीटों पर ध्यान केंद्रित करते हुए, युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय नौ स्पर्धाओं हॉकी, तीरंदाजी, भारोत्तोलन, साइकिलिंग, मुक्केबाजी, तैराकी, कुश्ती, वॉलीबॉल और जूडो में खेलो इंडिया महिला लीग का आयोजन कर रहा है। इन प्रतियोगिताओं में 23,000 से अधिक महिला एथलीट हिस्सा लेंगी।