जेपी नड्डा के दौरे को ऐतिहासिक बनाने में जुटी प्रदेश भाजपा, 56 हजार कार्यकर्ताओं को करेंगे संबोधित

रायपुर,4 सितम्बर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के प्रस्तावित दौरे को प्रदेश भाजपा ऐतिहासिक बनाने की तैयारी में जुट गई है। नड्डा नौ सितंबर को यहां आ रहे हैं। इस दौरान वे रायपुर के साइंस कालेज मैदान में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस सम्मेलन में प्रदेशभर से 56 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं लाने की तैयारी है। नड्डा के दौरे को लेकर प्रदेश भाजपा मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में बैठक हुई।

इसमें प्रदेश पदाधिकारियों के साथ मोर्चा-प्रकोष्ठों के अध्यक्ष शामिल हुए। इसमें नड्डा के प्रवास के दौरान व्यवस्था संभालने के लिए नेताओं की जिम्मेदारी तय की गई। नड्डा के लिए बनाए जाने वाले मंच की व्यवस्था की जिम्मेदारी पूर्व मंत्री राजेश मूणत को सौंपी गई है। वहीं, विमानतल पर स्वागत की पूरी व्यवस्था सांसद सुनील सोनी के साथ रायपुर शहर की टीम को दी गई है।

बैठक में भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, राष्ट्रीय महामंत्री शिव प्रकाश, सह- प्रभारी नीतीन नबीन, प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव व पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे। पार्टी नेताओं ने बताया कि विमानतल पर नड्डा के भव्य स्वागत की योजना बनाई गई है। नड्डा के स्वागत में परंपरागत नृत्य और संगीत का भी आयोजन होगा।विमानतल से युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं की मोटरसाइकिल रैली की अगुवानी में नड्डा भाजपा कार्यालय पहुंचेंगे। इस दौरान रास्ते में भी कई स्थानों पर उनके स्वागत की तैयारी की जा रही है। कार्यकर्ता सम्मेलन के लिए संगठन पदाधिकारियों के साथ ही सांसद, विधायक और पूर्व विधायकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी नेताओं ने बताया कि नड्डा बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे।विमानतल से नड्डा एकात्म परिसर पहुंचेंगे। इस रोड शो की व्यवस्था पार्टी के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ विधायक बृजमोहन अग्रवाल को सौंपी गई है। वहीं, मूणत के साथ प्रदेश उपाध्यक्ष मोतीलाल साहू और अशोक बजाज मंच की जिम्मेदारी संभालेंगे।