बिलासपुर 2 जून 2026 (वेदांत समाचार) । एनटीपीसी सीपत के ऐश डैम क्षेत्र में कार्यरत एक ठेका कर्मचारी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक को पश्चिम बंगाल निवासी 19 वर्षीय नूर मोहम्मद बताया गया है। प्रारंभिक जांच में करंट लगने से मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। जानकारी के अनुसार मृतक पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के मांगी टोला का रहने वाला था और आईएमएस शिपमेंट कंपनी में कार्यरत था। यह कंपनी एनटीपीसी सीपत के ऐश डैम में ड्रेजिंग कार्य कर रही है। बताया गया कि युवक रांक स्थित ऐश डाइक-1 के ओवरफ्लो लैगून में लगाए गए वाटर पंप के पास काम कर रहा था।
इसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई। कुछ समय बाद घटनास्थल पर उसका शव देखा गया, जिसके बाद सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ कर्मियों और सीपत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दूसरी ओर से नाव के जरिए जलाशय तक पहुंचकर शव को बाहर निकाला। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को भी दे दी है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका व्यक्त की जा रही है कि कार्य के दौरान युवक करंट की चपेट में आ गया होगा। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। घटना के बाद एनटीपीसी प्रबंधन और संबंधित ठेका कंपनी ने मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। दोनों संस्थानों की ओर से तीन-तीन लाख रुपये, कुल छह लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

