Chhattisgarh News : स्वयं सेवक चलाएंगे ‘एक सप्ताह राष्ट्र के नाम अभियान’, 15 अगस्त से होगी शुरुआत

हर घर झंडा अभियान में कुछ जगहों पर नदियों में नाव यात्रा, सड़कों पर मोटर साइकिल यात्रा और नदी-नहरों के हर तट पर पौधारोपण होगा।

रायपुर । आजादी के अमृत महोत्सव में पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के तहत राष्ट्रीय स्वयंसवेक संघ (आरएसएस) के स्वयंसेवक 15 से 22 अगस्त तक ‘एक सप्ताह राष्ट्र के नाम अभियान चलाएंगे। 15 अगस्त को प्रदेश के गांवों से लेकर शहरों तक सवा लाख पौधे रोपे जाएंगे। इसके लिए स्वयंसेवकों ने अपने-अपने बगीचे में पौधों की नर्सरी तैयार की है।

इन पौधों को आसपास के लोगों को वितरित करके इस अभियान को सफल बनाया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण गतिविधि अभियान में छत्तीसगढ़ के प्रदेश संयोजक डा. अनिल कुमार ने बताया कि हर घर झंडा के साथ-साथ हर घर एक पेड़ का अभियान चलेगा। स्वाधीनता दिवस के मौके पर स्वयंसेवक अपने घर पर एक तिरंगा फहराएंगे व साथ ही अपने घर के आसपास एक पौधा भी लगाएंगे।

स्वयंसेवकों ने घर की बगिया में तुलसी, एलोवेरा, मनी प्लांट, नीम, गिलोय जैसे औषधीय पौधे लगाए हैं। इसके अलावा पीपल, बरगद, आंवला के पौधे भी लगाए गए हैं। बरगद का पेड़ सबसे ज्यादा आक्सीजन देता है इसलिए इसके पौधों को सार्वजनिक जगहों पर लगाया जाएगा।

समुुद्र तट पर भी चलेगा अभियान

यह अभियान छत्तीसगढ़ समेत देशभर में चलेगा। इस वर्ष भारत के समुद्र तट के किनारे 7500 किलोमीटर के क्षेत्र में पौधारोपण किया जाएगा। हर घर झंडा अभियान में कुछ जगहों पर नदियों में नाव यात्रा, सड़कों पर मोटर साइकिल यात्रा और नदी-नहरों के हर तट पर पौधारोपण होगा।

यह कार्यक्रम 17 सितंबर तक चलेगा। अभियान में केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय, पृथ्वी एवं विज्ञान मंत्रालय, शिक्षा मंत्रालय, जल शक्ति मंत्रालय शामिल हंै। देशभर के राष्ट्रीय सेवा योजना, एनसीसी के स्वयंसेवक भी इस मुहिम में शामिल हो रहे हैं।

28 को करेंगे प्रकृति की पूजा

28 अगस्त को प्रकृति वंदना की जाएगी। हर घर से लोग पेड़-पौधों की आरती करेंगे और धन्यवाद कहेंगे। प्रकृति वंदना के तहत स्वयंसेवक राज्य के 10 लाख लोगों को इस अभियान से जोड़ेंगे। ग्रामीण स्तर पर इसके लिए स्वयंसेवकों को जिम्मेदारी दी जा रही है।

गांधी जयंती तक स्वच्छता पखवाड़ा

17 सितंबर से दो अक्टूबर 2022 गांधी जयंती तक स्वच्छता पखवाड़ा चलेगा। इसमें नदी, तालाब, समुद्र तट के किनारे और पूरे देश में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।