छत्तीसगढ़ के साहित्यकार गिरीश पंकज को उत्तरप्रदेश हिंदी संस्थान का साहित्य भूषण सम्मान

रायपुर । उत्तरप्रदेश हिंदी संस्थान के तत्वावधान में प्रतिवर्ष विविध श्रेणी में सम्मान प्रदान किया जाता है। इस साल जिन्हें सम्मानित किया जाना है, उनके नाम की घोषणा कर दी गई है। इनमें छत्तीसगढ़ के साहित्यकार गिरीश पंकज को साहित्य भूषण सम्मान से नवाजा जाएगा। सम्मान के रूप में ढाई लाख रुपये की पुरस्कार राशि भी दी जाएगी।

 

उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान ने वर्ष 2021 के पुरस्कार घोषित किए। वर्ष 2021 के सम्मानों, पुरस्कारों की घोषणा मंगलवार को की गई। संस्थान का प्रतिष्ठित आठ लाख रुपये का भारत भारती सम्मान दिल्ली के डा. रमानाथ त्रिपाठी को देने का निर्णय लिया गया। पांच लाख रुपये का लोहिया साहित्य सम्मान देहरादून के बुद्धिनाथ मिश्र को देने की घोषणा हुई।

 

100 से अधिक पुस्तकें प्रकाशित

 

साहित्यकार गिरीश पंकज विगत 40 सालों से साहित्य साधना कर रहे हैं। उनकी अब तक विभिन्ना विधाओं में 100 से अधिक पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी है। इसमें 11 उपन्यास और 30 व्यंग्य संग्रह शामिल है। इससे पूर्व हिंदी भवन दिल्ली से व्यंग्यश्री सम्मान के रूप में एक लाख रुपये एवं स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया जा चुका है। उनकी प्रारंभिक शिक्षा मनेन्द्रगढ़ में हुई। इसके पश्चात रायपुर में पिछले चार दशकों से पत्रकारिता और साहित्य की सेवा में लगे हैं। वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ राष्ट्रभाषा प्रचार समिति के अध्यक्ष हैं।
उत्तरप्रदेश हिंदी संस्थान के वर्ष 2021 के सम्मान की सूची

 

 

– भारत-भारती सम्मान – (आठ लाख)डा. रमानाथ त्रिपाठी, दिल्ली
– लोहिया साहित्य सम्मान – (पांच लाख) बुद्धिनाथ मिश्र, देहरादून
– हिंदी गौरव सम्मान – (पांच लाख)डा. गिरिराज शरण अग्रवाल, गुरुग्राम, हरियाणा
– महात्मा गांधी साहित्य सम्मान – (पांच लाख)डा. विश्वास किसन पाटील, नंदुरबार, महाराष्ट्र
– पं. दीनदयाल उपाध्याय साहित्य सम्मान -(पांच लाख)डा. रामशरण गौड़, गौतमबुद्ध नगर, उत्तर प्रदेश
– अवंतीबाई साहित्य सम्मान – (पांच लाख)डा. ओम प्रकाश मिश्र, लखनऊ, उत्तर प्रदेश
– राजर्षि पुरुषोत्तमदास टण्डन सम्मान – (पांच लाख)दक्षिण भारत हिन्दी प्रचार सभा मद्रास, चेन्नाई
– अटल बिहारी वाजपेयी साहित्य सम्मान – (पांच लाख)हृदय नारायण दीक्षित, लखनऊ, उत्तर प्रदेश
– साहित्य भूषण सम्मान – (दो लाख पचास हजार) गिरीश पंकज एवं अन्य प्रदेशों से कुल 18 साहित्यकार