छत्तीसगढ़ सरकार गिराने का षड्यंत्र रच रही BJP: प्रधानमंत्री के इस्तीफा मांगा कर रही है कांग्रेस अब, सूर्यकांत तिवारी के खुलासों के बाद

रायपुर,11 जुलाई । छत्तीसगढ़ में आयकर विभाग की राडार पर आए सूर्यकांत तिवारी के खुलासों के बाद कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इस्तीफा मांगा है। कांग्रेस ने इन खुलासों के आधार पर भाजपा पर राज्य सरकार को अस्थिर कर गिराने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा, कोयला व्यवसायी सूर्यकांत तिवारी के खुलासे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए।

सुशील आनंद शुक्ला ने कहा, सूर्यकांत तिवारी के खुलासों से स्पष्ट हो गया कि छत्तीसगढ़ में भी भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार को अस्थिर करने का षड्यंत्र रच रही है। इस गंभीर खुलासे के बाद नैतिकता के आधार पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस्तीफा दें। भाजपा को विरोधी दलों की सरकारें बर्दाश्त नहीं है। विपक्ष की सरकार को अस्थिर करने भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व किसी भी स्तर तक गिर सकता है। कर्नाटक, मध्य प्रदेश, गोवा, मणिपुर, महाराष्ट्र में इसके उदाहरण देखे गए हैं।शुक्ला ने कहा, छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की तीन चौथाई बहुमत की लोकप्रिय सरकार है। कांग्रेस सरकार जनहित में बढ़िया काम कर रही है। कांग्रेस सरकार के कामों से जनता के बीच कांग्रेस की लोकप्रियता बढ़ी है। भाजपा यहां पिछले तीन साल में कांग्रेस से एक भी चुनाव नहीं जीत पाई। नगरीय निकाय, पंचायत चुनाव, चार विधानसभाओं के उप चुनाव में भाजपा को हार मिली है। इससे घबराया भाजपा नेतृत्व छत्तीसगढ़ में भी ED, इनकम टैक्स, CBI के दुरुपयोग करने की योजना में है।

कहा – 2023 में जनता देगी इनको जवाब
कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा, भाजपा कितना भी कर ले छत्तीसगढ़ में उसकी कोशिशें कामयाब नहीं होंगी। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस संगठन और कांग्रेस सरकार की पैठ जनता के बीच गहरी हो चुकी है। भाजपा के 15 साल के कुशासन के बाद राज्य की जनता को एक जन कल्याणकारी सरकार मिली है। जनता भाजपा के इन सारे अलोकतांत्रिक हथकंडों को समझ रही है। 2023 के विधानसभा चुनाव में जनता इसका जबाब देगी।

सूर्यकांत तिवारी ने क्या कहा जिससे उठा है बवाल
छत्तीसगढ़ के राजनीतिक गलियारों में गहरी पैठ वाले व्यवसायी सूर्यकांत तिवारी रविवार को मीडिया के सामने आए। उन्होंने कहा, उनके ठिकानों पर 30 जून को आयकर विभाग ने सर्वे किया था। उनका कहना था, आयकर अफसरों ने उनके साथ मारपीट की। उन पर दबाव बनाया गया कि वो प्रदेश के 40-45 विधायकों की सूची बनाएं। विपक्ष के विधायकों के सहयोग से प्रदेश की सरकार बदल दी जाएगी। सूर्यकांत को प्रदेश का नया सीएम बना दिया जाएगा। दावा किया कि मुझे छत्तीसगढ़ का एकनाथ शिंदे बनाने के लिए आयकर अफसरों ने साम-दाम-दंड-भेद अपनाया।