जगदलपुर, 24 मई (वेदांत समाचार)। बस्तर को नक्सलमुक्त बनाने के प्रयासों के बीच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आत्मसमर्पण कर चुके नक्सलियों से मिली जानकारी के आधार पर यह कार्रवाई हुई। पुलिस ने नक्सलियों के दो बड़े डंप बरामद किए हैं। जिला पुलिस, डीआरजी, बीएसएफ और बीडीएस टीम के संयुक्त बल ने अलग-अलग क्षेत्रों में अभियान चलाया। इस दौरान भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुएं मिली हैं। 22 मई को थाना कोयलीबेड़ा क्षेत्र में पहला डंप मिला। यह कांकेर-नारायणपुर सीमावर्ती क्षेत्र के पल्लाहूर और जपमरका के जंगलों में था। इसमें एक कंट्रीमेड बीजीएल लांचर, 25 बीजीएल सेल, चार इम्प्रोवाइज्ड फायर कार्टिज और एक एके-47 व एक एसएलआर के खाली कार्टिज शामिल थे।
पांच किलोग्राम गन पाउडर, 10 बड़े सुतली बम, तीन नक्सली वर्दी, एक सोलर चार्जर, 50 फीट वायर और मेडिकल किट भी बरामद हुई। दूसरे डंप से हथियार और डेटोनेटर : 23 मई को थाना छोटेबेठिया क्षेत्र में दूसरी कार्रवाई हुई। यह कांकेर और नारायणपुर सीमावर्ती क्षेत्र के मरकाबेड़ा, आदनार और एलूर के जंगलों में थी। सुरक्षा बलों ने यहां से तीन 12 बोर राइफल, एक बीजीएल लांचर, छह बीजीएल सेल और 100 ग्राम बारूद बरामद किया। एक पोच, 800 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर और 200 नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर भी मिले।

