रायपुर 24 मई 2026 (वेदांत समाचार)। एम्स रायपुर ने बाल हृदय चिकित्सा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए 10 महीने के एक मासूम की दुर्लभ और जटिल हृदय सर्जरी सफलतापूर्वक की है। शिशु ‘एएलसीएपीए’ (एनॉमलस लेफ्ट कोरोनरी आर्टरी फ्रॉम द पल्मोनरी आर्टरी) नाम की बेहद दुर्लभ और जानलेवा जन्मजात हृदय बीमारी से पीड़ित था। यह बीमारी करीब 3 लाख नवजात शिशुओं में से किसी एक को होती है। रायपुर जिले के रहने वाले इस मासूम की हालत बेहद गंभीर थी। अधिक जोखिम के कारण कई स्वास्थ्य संस्थानों ने इलाज से इनकार कर दिया था। बाद में बच्चे को एम्स रायपुर रेफर किया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने इलाज की जिम्मेदारी संभाली।

