खरसिया, 24 मई (वेदांत समाचार)। भीषण गर्मी के बीच तेज रफ्तार का सफर एक दंपत्ति के लिए बेहद खतरनाक साबित हुआ। मिली जानकारी के अनुसार, रायगढ़ से आ रहे एक पति-पत्नी की सफेद रंग की मारुति सुजुकी कार CG13AE4970 नेशनल हाईवे पर चपले के पास अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि चिलचिलाती गर्मी के कारण कार का टायर अचानक फट गया, जिससे वाहन चालक अपना नियंत्रण खो बैठा।
रफ्तार तेज होने की वजह से कार सीधे जाकर सड़क के बीच बने डिवाइडर (लोहे की बैरिकेडिंग) से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और पिछला कांच (रियर विंडशील्ड) चकनाचूर हो गया। इतनी भीषण टक्कर के बाद भी भगवान का शुक्र रहा कि कार में सवार पति-पत्नी पूरी तरह सुरक्षित हैं। उन्हें खरोंच तक नहीं आई है। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और राहत कार्य में मदद की।

