कोरबा रेलवे स्टेशन का प्रीपेड ऑटो बूथ बदहाल, देर रात यात्रियों से वसूला जा रहा मनमाना किराया – vedantsamachar.in

कोरबा रेलवे स्टेशन का प्रीपेड ऑटो बूथ बदहाल, देर रात यात्रियों से वसूला जा रहा मनमाना किराया

कोरबा,24 मई (वेदांत समाचार)। शहर के रेलवे स्टेशन के सामने यात्रियों को सुरक्षित और किफायती सफर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से करीब डेढ़ वर्ष पहले शुरू किया गया इजी ट्रिप प्रीपेड ऑटो बूथ अब बदहाल व्यवस्था का शिकार होता नजर आ रहा है। बड़े दावों और प्रचार के साथ शुरू की गई यह सुविधा वर्तमान में यात्रियों के लिए राहत की बजाय परेशानी का कारण बनती जा रही है। देर रात और तड़के स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों को बूथ बंद मिलने से निजी ऑटो चालकों के भरोसे सफर करना पड़ रहा है, जहां उनसे तय किराए से कई गुना अधिक राशि वसूली जा रही है।

प्रीपेड ऑटो बूथ का शुभारंभ प्रदेश के उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया था। उस समय प्रशासन की ओर से दावा किया गया था कि ट्रेन आगमन के समय बूथ संचालित रहेगा और जिले के 42 प्रमुख स्थानों के लिए निर्धारित एवं रियायती किराए पर ऑटो सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों से बिल्कुल अलग दिखाई दे रही है।

यात्रियों का कहना है कि दिन के समय स्टेशन परिसर में निजी ऑटो चालक पहले ही यात्रियों को अपने साथ ले जाते हैं, जिससे लोग प्रीपेड बूथ तक पहुंच ही नहीं पाते। वहीं रात के समय बूथ पर ताला लटका रहता है। इससे दक्षिण भारत से आने वाली कोच्चिवली एक्सप्रेस और यशवंतपुर सुपर फास्ट एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों के यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। विशेषकर देर रात पहुंचने वाले यात्रियों को मजबूरी में निजी ऑटो लेना पड़ता है, जहां उनसे दोगुना से तीन गुना तक किराया वसूला जा रहा है।

बिलासपुर से कोरबा पहुंचे यात्री राजेश साहू ने बताया कि रात में स्टेशन पहुंचने पर प्रीपेड बूथ बंद मिला। बाहर खड़े ऑटो चालकों ने निर्धारित किराए से कहीं ज्यादा पैसे मांगे। मजबूरी में अधिक किराया देकर घर जाना पड़ा। वहीं रायगढ़ की यात्री कविता मिश्रा ने कहा कि प्रीपेड सुविधा शुरू होने से उम्मीद जगी थी कि यात्रियों को राहत मिलेगी, लेकिन अब यह केवल नाम मात्र की व्यवस्था बनकर रह गई है।

दक्षिण भारत से लौटे यात्री मोहम्मद आरिफ ने बताया कि परिवार के साथ देर रात स्टेशन पहुंचने पर काफी देर तक वाहन नहीं मिला। बूथ बंद था और निजी ऑटो चालकों ने मनमाना किराया मांगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन को ट्रेन के समय के अनुसार बूथ खुलवाना चाहिए।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रीपेड बूथ की व्यवस्था पूरी तरह ऑटो संघ के भरोसे चल रही है। बुकिंग होने के बाद भी यात्रियों को लंबे समय तक ऑटो का इंतजार करना पड़ता है और समय पर वाहन उपलब्ध नहीं हो पाता। प्रशासन द्वारा कर्मचारियों और सुरक्षा व्यवस्था की तैनाती के बावजूद निगरानी और संचालन में गंभीर लापरवाही सामने आ रही है।

शहरवासियों और यात्रियों ने रेलवे स्टेशन में प्रीपेड ऑटो सुविधा को नियमित और प्रभावी ढंग से संचालित करने की मांग की है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित, पारदर्शी और निर्धारित किराए पर परिवहन सुविधा मिल सके।