नौतपा से पहले ही गर्मी का कहर: पाली में हीट स्ट्रोक से 150 से ज्यादा प्रवासी चमगादड़ों की मौत – vedantsamachar.in

नौतपा से पहले ही गर्मी का कहर: पाली में हीट स्ट्रोक से 150 से ज्यादा प्रवासी चमगादड़ों की मौत

कोरबा-पाली, 24 मई (वेदांत समाचार)। नौतपा शुरू होने से पहले ही भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों ने जनजीवन को बेहाल कर दिया है। पाली क्षेत्र में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से इंसानों के साथ-साथ बेजुबान पशु-पक्षियों पर भी गंभीर असर देखने को मिल रहा है। पाली के नौकोनिया तालाब के किनारे बसेरा किए हुए 150 से अधिक प्रवासी चमगादड़ों की हीट स्ट्रोक से मौत हो गई। मृत चमगादड़ पेड़ों से गिरकर नीचे पड़े मिले, जिससे इलाके में चिंता का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक हर वर्ष फरवरी-मार्च के दौरान नौकोनिया तालाब के आसपास स्थित ऊंचे पेड़ों पर हजारों की संख्या में प्रवासी चमगादड़ आकर डेरा जमाते हैं। इस बार इनकी संख्या सामान्य से अधिक बताई जा रही है। पिछले कई दिनों से लगातार पड़ रही तेज गर्मी और 43 डिग्री तापमान की मार को ये जीव सहन नहीं कर पा रहे हैं। आसपास के गांवों में भी पक्षियों और अन्य जीवों पर गर्मी का असर साफ नजर आ रहा है।

भीषण गर्मी का असर खेती-किसानी पर भी पड़ रहा है। खेतों में लगी सब्जियां झुलसने लगी हैं, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। दूसरी ओर प्रदेशभर के अस्पतालों में डिहाइड्रेशन और लू से पीड़ित मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। बताया जा रहा है कि प्रतिदिन 1200 से अधिक मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। राज्य महामारी नियंत्रण केंद्र ने अस्पतालों में पहुंचने वाले मरीजों की मॉनिटरिंग शुरू कर दी है।

प्रदेश के सबसे बड़े अंबेडकर अस्पताल के मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. योगेंद्र मल्होत्रा ने बताया कि हीट एग्जॉशन, हीट स्ट्रोक से ठीक पहले की स्थिति होती है। शरीर से अत्यधिक मात्रा में पानी और नमक निकल जाने पर यह समस्या होती है। विशेषज्ञों के अनुसार चमगादड़ अपने शरीर का तापमान सीमित स्तर तक ही नियंत्रित कर पाते हैं। 40 डिग्री से अधिक तापमान में वे असहज हो जाते हैं और 42 डिग्री पार होते ही स्थिति उनके लिए जानलेवा बन जाती है। पाली में हुई चमगादड़ों की मौत को भी हीट स्ट्रोक का परिणाम माना जा रहा है।

प्रशासन और वन विभाग पक्षियों की मौत पर नजर बनाए हुए हैं। वहीं मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना जताई है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।