KORBA : जल जीवन मिशन से बदली ढिटोरी की तस्वीर, महिलाओं के जीवन में आई राहत और मुस्कान

कोरबा, 06 अप्रैल 2026। जिले के करतला विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बुढियापाली का आश्रित ग्राम ढिटोरी अब विकास की नई मिसाल बनता जा रहा है। लगभग 763 की आबादी वाले इस गांव में कभी स्वच्छ पेयजल की कमी एक बड़ी समस्या थी, जिससे खासकर महिलाओं को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।

गांव की 38 वर्षीय जोगिनी बाई बताती हैं कि पहले उन्हें पानी लाने के लिए घर से काफी दूर जाना पड़ता था। गर्मी, बारिश या सर्दी—हर मौसम में साफ पानी की व्यवस्था करना एक बड़ी चुनौती थी। इस काम में न केवल अधिक समय लगता था, बल्कि शारीरिक मेहनत भी बहुत करनी पड़ती थी।

भारत सरकार की महत्वाकांक्षी ‘हर घर जल’ योजना के तहत संचालित जल जीवन मिशन ने ढिटोरी गांव की तस्वीर पूरी तरह बदल दी है। इस योजना के अंतर्गत गांव के सभी 176 घरों में नल कनेक्शन प्रदान किए गए हैं। अब ग्रामीणों को सुबह और शाम घर पर ही पाइपलाइन के माध्यम से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है।

इस सुविधा से महिलाओं को पानी ढोने की पुरानी और कठिन जिम्मेदारी से बड़ी राहत मिली है। अब उनके समय और श्रम की बचत हो रही है, जिससे वे अन्य कार्यों में भी अपना योगदान दे पा रही हैं।

जल जीवन मिशन का प्रभाव केवल पानी की उपलब्धता तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने ग्रामीण महिलाओं के जीवन स्तर में भी सकारात्मक बदलाव लाया है। घर पर स्वच्छ पानी मिलने से उनके स्वास्थ्य में सुधार हुआ है और उनमें आत्मविश्वास भी बढ़ा है। अब ढिटोरी की महिलाएं घर की जिम्मेदारियों के साथ-साथ सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं।

गांव में पानी की उपलब्धता ने खुशहाली का माहौल बना दिया है। जोगिनी बाई जैसी कई महिलाओं के लिए यह योजना जीवन में सम्मान और गरिमा के साथ सहजता लेकर आई है।