कोरबा, 23 मई (वेदांत समाचार)। जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 जेसीबी मशीनों और 16 ट्रैक्टरों को जप्त किया है। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान रेत, मिट्टी और गिट्टी के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त वाहन पकड़े गए।
खनिज विभाग द्वारा यह कार्रवाई कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश और उप संचालक खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में की गई। अभियान के तहत जिले के विभिन्न इलाकों में सघन निरीक्षण और जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान डौका गुड़ा से 1 ट्रैक्टर, विजयपुर से 2 ट्रैक्टर, सुतर्रा से 1 ट्रैक्टर तथा आमाखोखरा से ईंट से भरा 1 ट्रैक्टर जप्त किया गया। वहीं ग्राम बिंझरा में मिट्टी के अवैध उत्खनन में लगी 2 जेसीबी मशीनों को पकड़ा गया।
इसके अलावा पौड़ी क्षेत्र से रेत का अवैध परिवहन करते हुए 4 ट्रैक्टर जप्त किए गए। डुमरकछार में मिट्टी के अवैध उत्खनन के मामले में 2 ट्रैक्टर और 1 जेसीबी मशीन को कार्रवाई के दौरान जब्त किया गया।
खनिज विभाग के अनुसार, सभी जप्त वाहनों को नियमानुसार आगे की कार्रवाई के लिए जिले के विभिन्न पुलिस थानों और खनिज जांच चौकियों में सुरक्षा अभिरक्षा में रखा गया है। पूरी कार्रवाई उड़नदस्ता दल प्रभारी एवं खनि निरीक्षक मदन साहू और सुभाष ठाकुर के नेतृत्व में की गई।
अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध खनन गतिविधियों पर नियंत्रण और राजस्व नुकसान को रोकने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। दोषियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमों और अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

