जांजगीर : प्रदेश में “जेल भरो आंदोलन” जारी, भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस में झड़प, एडिशनल एसपी हुए घायल

जांजगीर 16 मई (वेदांत समाचार) छत्तीसगढ़ में धरना-प्रदर्शन को लेकर जारी सरकारी आदेश के खिलाफ BJP का सोमवार को प्रदेश भर में जेल भरो आंदोलन जारी है। वहीं जांजगीर में कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ रहे भाजपाइयों ने बैरिकेड तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है I जांजगीर में भाजपा नेताओं ने सरकारी आदेश को लोकतंत्र की हत्या बताते हुए सड़क पर प्रदर्शन किया। कचहरी चौक पर सैकड़ों की तादाद में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ता बैरिकेड पर चढ़ गए और उसे तोड़ दिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। इसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी गिर पड़े और उन्हें पैर में चोट आई है। इसके बाद पुलिस ने कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें बीडी महंत बालोद्यान में बनाए गए अस्थाई जेल लाया गया है।

जांजगीर में पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई।