जांजगीर-चांपा, 06 अप्रैल 2026। जिले की कानून-व्यवस्था की कमान अब आईपीएस अधिकारी श्रीमती निवेदिता पाल के हाथों में आ गई है। श्रीमती निवेदिता पाल (IPS), जो वर्तमान में 6वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, रायगढ़ में सेनानी के पद पर पदस्थ हैं, ने जांजगीर-चांपा जिले के प्रभारी पुलिस अधीक्षक (SP) के रूप में पदभार ग्रहण किया।
पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना और आम जनता की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता होगी।
ज्ञात हो कि जांजगीर-चांपा जिले के नियमित पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) 06 अप्रैल 2026 से 15 मई 2026 तक राष्ट्रीय पुलिस अकादमी, हैदराबाद में आयोजित 48वीं आईपीएस इंडक्शन प्रशिक्षण में शामिल होने के लिए गए हैं। उनके प्रशिक्षण अवधि के दौरान ही श्रीमती निवेदिता पाल को जिले का प्रभार सौंपा गया है।
कार्यभार ग्रहण के दौरान जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार, डीएसपी (मुख्यालय) विजय पैकरा, सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे तथा थाना प्रभारी जांजगीर निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता उपस्थित रहे। इस दौरान उन्होंने सभी अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और टीम वर्क के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
नई प्रभारी एसपी के रूप में निवेदिता पाल के कार्यभार संभालने के बाद जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर सख्ती और बेहतर पुलिसिंग की उम्मीद जताई जा रही है।
