कोरबा, 06 अप्रैल (वेदांत समाचार)। केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2, एनटीपीसी कोरबा द्वारा अभिभावकों और विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि 06 अप्रैल को कुछ अभिभावकों के पास एक अज्ञात मोबाइल नंबर 8824467413 से कॉल आ रही है, जिसमें कॉल करने वाला व्यक्ति स्वयं को विद्यालय से जुड़ा “गौतम सर” बताकर अभिभावकों से ईमेल आईडी और आधार संख्या जैसी व्यक्तिगत जानकारी मांग रहा है।
विद्यालय ने स्पष्ट किया है कि “गौतम सर” नाम का कोई भी कर्मचारी विद्यालय में कार्यरत नहीं है और इस प्रकार की कॉल पूरी तरह फर्जी है।
जारी सूचना में अभिभावकों से अपील की गई है कि वे किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ अपनी निजी जानकारी साझा न करें। किसी भी प्रकार की शंका होने पर संबंधित कक्षा शिक्षक या विद्यालय से सीधे संपर्क करने की सलाह दी गई है।
विद्यालय प्रशासन ने यह भी कहा है कि यदि कोई अभिभावक इस तरह के अज्ञात कॉल पर अपनी जानकारी साझा करता है, तो उसकी जिम्मेदारी स्वयं की होगी और इसके लिए विद्यालय प्रबंधन जिम्मेदार नहीं होगा। अंत में सभी संबंधितों से सतर्क रहने और ऐसी धोखाधड़ी से बचने का आग्रह किया गया है।
