सेवा सेतु पोर्टल बना सुशासन का मजबूत माध्यम, जांजगीर-चांपा में 441 से अधिक शासकीय सेवाएं ऑनलाइन – vedantsamachar.in

सेवा सेतु पोर्टल बना सुशासन का मजबूत माध्यम, जांजगीर-चांपा में 441 से अधिक शासकीय सेवाएं ऑनलाइन

जांजगीर-चांपा, 22 मई 2026। छत्तीसगढ़ शासन की डिजिटल सुशासन पहल “सेवा सेतु” पोर्टल अब आम नागरिकों के लिए सरकारी सेवाओं तक आसान और पारदर्शी पहुंच का प्रभावी माध्यम बनता जा रहा है। जिले में अब 441 से अधिक शासकीय सेवाएं एक ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे लोगों को विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है।

कलेक्टर जनमेजय महोबे के निर्देशन में सेवा सेतु पोर्टल के प्रभावी संचालन के लिए पंचायत सचिवों, सेवा सेतु केंद्र संचालकों और संबंधित विभागीय कर्मचारियों को चरणबद्ध प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य पंचायत स्तर तक डिजिटल सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना और नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना है।

सेवा सेतु पोर्टल के जरिए आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन, भू-अभिलेख सेवाएं, नाम संशोधन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े आवेदन, श्रम एवं राजस्व विभाग की सेवाएं सहित कई सुविधाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। पहले अलग-अलग सेवाओं के लिए नागरिकों को कई कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब एक ही पोर्टल के माध्यम से आवेदन और सेवा प्राप्त करना संभव हो गया है।

ई-गवर्नेंस विभाग के अनुसार जिले के सभी ब्लॉकों के पंचायत सचिवों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। अब ग्राम पंचायत स्तर की कई सेवाएं जैसे विवाह प्रमाण पत्र, भवन अनुज्ञा, स्ट्रीट लाइट बदलने, साफ-सफाई व्यवस्था और नाम परिवर्तन संबंधी राजपत्र अधिसूचना जैसी प्रक्रियाएं भी ऑनलाइन की जा रही हैं। सेवा सेतु पोर्टल को व्हाट्सएप से भी जोड़ा गया है, जिससे नागरिक घर बैठे आवेदन और सेवाओं की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों में इस पहल का बड़ा लाभ देखने को मिल रहा है। पंचायत स्तर पर डिजिटल सेवाओं की उपलब्धता से लोगों को जिला और तहसील मुख्यालय तक बार-बार आने की जरूरत कम होगी। इससे समय और धन दोनों की बचत होगी।

प्रशासन का कहना है कि सेवा सेतु पोर्टल केवल डिजिटल प्लेटफॉर्म नहीं, बल्कि शासन और नागरिकों के बीच विश्वास मजबूत करने का माध्यम भी है। ऑनलाइन आवेदन और ट्रैकिंग व्यवस्था से पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनी है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से सेवा सेतु पोर्टल का अधिकाधिक उपयोग कर डिजिटल सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की है।