राजनांदगांव ,22 मई (वेदांत समाचार)। सर्वोच्च न्यायालय द्वारा फालोदी में घटित सड़क दुर्घटना के पश्चात जारी आवश्यक दिशा-निर्देशों के पालन में जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देशन में राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध पार्किंग करने वाले वाहनों, यातायात बाधिक करने वालों एवं बिना कवर किए परिवहन किए जा रहे व्यावसायिक वाहनों के विरूद्ध सघन कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान विभिन्न वाहन चालकों से 35 हजार रूपए से अधिक की चालानी कार्रवाई की गई।
अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अनिल भगत ने बताया कि इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे स्थित विभिन्न ढाबों एवं पंचर दुकानों के संचालकों द्वारा सड़क किनारे अवैध रूप से टायर एवं अन्य सामग्री रखकर यातायात बाधित किए जाने की शिकायतों पर भी कार्रवाई की गई। सुगम एवं सुरक्षित यातायात के लिए संबंधित संचालकों को समझाइश देते हुए सड़क किनारे रखी गई सामग्री हटवाई गई। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा एवं आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों एवं वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा राष्ट्रीय राजमार्ग को सुरक्षित बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई है।

