नई दिल्ली,22 मई : चेन्नई सुपर किंग्स का सफर आखिर प्लेऑफ से पहले ही खत्म हो गया. आईपीएल 2026 में उतार-चढ़ाव भरे प्रदर्शन के बीच अपने आखिरी मैच में हार के साथ ही चेन्नई टूर्नामेंट से बाहर हो गई. ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में चेन्नई को आखिरी मुकाबले में गुजरात टाइटंस के हाथों 89 रन से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा. इस तरह लगातार तीसरे सीजन में टीम लीग स्टेज में ही खिताब की रेस से बाहर हो गई. मगर हार के इस दुख के बीच कप्तान समेत पूरी टीम को BCCI ने सजा दी है और सैलरी काटी है.
मैच भी हारे, ये गलती भी कर दी
अहमदाबाद में गुरुवार 21 मई को खेले गए मुकाबले में गुजरात ने पांच बार की चैंपियन चेन्नई को 89 रन से हरा दिया. दोनों टीम का ये आखिरी मैच था लेकिन जहां गुजरात पहले ही प्लेऑफ में पहुंच गई थी, वहीं इस हार ने CSK को पूरी तरह टूर्नामेंट से बाहर कर दिया. चेन्नई की 14 मैच में ये 8वीं हार थी और सिर्फ 12 पॉइंट्स के साथ टीम टेबल में 7वें स्थान पर है और वो इससे भी नीचे लुढ़क सकती है.
मगर इस हार के गम के बीच चेन्नई के खिलाड़ियों को एक बड़ा झटका अलग से लगा है. इस मैच में टीम की गेंदबाजी बेहद धीमी रही. अपने 20 ओवर पूरे करने में चेन्नई के गेंदबाजों ने तय समय से ज्यादा वक्त खर्च कर दिया. ऐसे में BCCI ने कोड ऑफ कंडक्ट के उल्लंघन के कारण ‘स्लो ओवर-रेट’ के कारण CSK के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ समेत पूरी टीम पर जुर्माना लगा दिया.
कप्तान को बड़ा नुकसान, टीम को भी सजा
इस सीजन में चेन्नई ने दूसरी बार ये गलती की थी, इसलिए इस बार सिर्फ कप्तान ही नहीं बल्कि टीम को भी सजा मिली. दूसरी बार ऐसी गलती होने के कारण कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ पर 24 लाख रुपये का जुर्माना लगा. गायकवाड़ के लिए ये दोगुनी सजा थी क्योंकि पहली गलती के वक्त उनके 12 लाख रुपये काटे गए थे. वहीं प्लेइंग-11 के अन्य सभी खिलाड़ियों पर मैच फीस के 25 फीसदी का या फिर 6 लाख रुपये (दोनों में से जो भी कम हो) का जुर्माना लगाया गया है.

