बिलासपुर 22 मई 2026 (वेदांत समाचार) . छत्तीसगढ़ के बिलासपुर की रहने वाली एक भाजपा नेत्री के साथ दिल्ली में दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है. महिला नेत्री ने कारोबारी पर ब्लैकमेल करने का आरोप भी लगाया है. दिल्ली में ही उनकी मुलाकात हुई थी, तब आरोपी कारोबारी ने माइनिंग में निवेश के बहाने महिला से नजदीकियां बनाई थी. आरोप है कि झारखंड के रांची निवासी कारोबारी संजय सिंह ने महिला के साथ दिल्ली में दुष्कर्म किया. महिला की रिपोर्ट पर सिविल लाइन पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक, भाजपा नेत्री बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में रहती है. वो भाजपा से टिकट की दावेदारी भी कर रही थी. अपनी शिकायत में उन्होंने पुलिस को बताया कि उनका दिल्ली आना-जाना लगा रहता था. करीब दो साल पहले उनकी पहचान रांची निवासी कारोबारी संजय सिंह से हुई. इस दौरान संजय सिंह ने खुद को बड़ा कारोबारी बताते हुए भाजपा नेत्री को भी निवेश करने पर अच्छी कमाई का लालच दिया. जिसके बाद आरोपी ने व्यापार में साझेदारी और मोटे मुनाफे का झांसा देकर महिला से निवेश कराया. इसी दौरान दोनों के बीच संपर्क बढ़ा. भाजपा नेत्री का आरोप है कि कारोबारी ने भरोसे का फायदा उठाते हुए दिल्ली में उसके साथ दुष्कर्म किया. महिला ने पुलिस को बताया कि इस घटना के बाद आरोपी उल्टा महिला को लगातार ब्लैकमेल कर पैसे की डिमांड करता रहा. भाजपा नेत्री के मुताबिक कारोबारी संजय सिंह ने किश्तों में उनसे करीब 2 करोड़ 50 लाख रुपए लिए. महिला ने आरटीजीएस सहित अलग-अलग माध्यम से रुपए लिए, जिसके बाद वो नकद इन्वेस्ट करने का झांसा देता रहा. बाद में महिला ने अपने पैसे वापस मांगे, तब उल्टा कारोबारी उसे ब्लैकमेल कर अवैध वसूली करने लगा. मानसिक रूप से परेशान होने के बाद महिला ने मामले की शिकायत पुलिस से की, जिस पर सिविल लाइन पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है. पुलिस मोबाइल चैट, कॉल डिटेल्स, लेनदेन और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है. बताया जा रहा है कि पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए झारखंड में दबिश दी. हालांकि अब तक आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है.

