छत्तीसगढ़ : कोरबा, जशपुर, सरगुजा समेत इन जिलों में आंधी-पानी की संभावना…गिर सकती है आकाशीय बिजली

रायपुर: छत्तीसगढ़ के मध्य और उत्तरी भाग में मौसम बिगड़ गया है। मौसम विभाग ने बताया है, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, सरगुजा और उनसे लगे जिलों में एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ मौसम बहुत ज्यादा खराब रहने की संभावना है। रात आठ बजे तक यहां गरज-चमक के साथ अंधड़ उठने और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना बन रही है।

रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र ने शाम को एक त्वरित अनुमान जारी किया। इसके मुताबिक शाम 4 बजे से अगले चार घंटों में पेण्ड्रा, बिलासपुर, कोरबा, सरगुजा, सूरजपुर, जशपुर, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद और उनसे लगे जिलों में एक-दो स्थानों पर अंधड़ उठ सकता है। इन जिलों में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना भी बन रही है।

इससे पहले मौसम विभाग ने बताया था, अंदरूनी कर्नाटक से पश्चिमी विदर्भ तक एक द्रोणिका फैली हुई है। प्रदेश के उत्तर में उत्तरी और दक्षिण में दक्षिणी हवा का आगमन लगातार जारी है। ऐसे में बुधवार को एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छीेंटे पड़ने की संभावना है। बताया गया था, इस बरसात के बाद भी अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है।

गुरुवार को भी ऐसा ही रहेगा मौसम

मौसम अनुमानों के मुताबिक गुरुवार को भी प्रदेश का मौसम कमोबेस ऐसा ही रहेगा। एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।