शिवरीनारायण की तर्ज़ पर विकसित होगा शबरी और लक्ष्मणेश्वर मन्दिर, नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगा छत्तीसगढ़ का वैभव : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

0 विकास कार्यों के लिए नहीं होगी पैसों की कमी : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल।

0 मानस गायन विजेताओं को मुख्यमंत्री ने किया पुरस्कृत, शिवरीनारायण में एसडीएम कार्यालय खोलने की घोषणा।

जांजगीर चांपा, 10 अप्रैल, (वेदांत समाचार)। राम वनगमन पर्यटन परिपथ के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने कहा कि शिवरीनारायण शुरू से ही धार्मिक, आध्यात्मिक एवं व्यापार का प्रमुख केंद्र रहा है. तीन नदियों का यहां संगम है. त्रेता एवं द्वापर युग का यहां पर समागम परिलक्षित होता है. आज पूरे प्रदेश में राम नवमीं का पर्व श्रद्धा एवं आस्था के साथ मनाया जा रहा है. राम चरित मानस के रचयिता गोस्वामी तुलसीदास को नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा  कि उन्होंने घर घर तक राम की कथा को पहुंचाया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान केवल खनिज ही नहीं है बल्कि हमारा इतिहास एवं संस्कृति पूरे भारत में अनूठी है और इसकी अलग पहचान है. श्री बघेल ने कहा कि भगवान राम को छत्तीसगढ़ के लोग प्रिय लगे थे इसीलिए उन्होने यहां ज्यादा समय बिताया. भगवान राम ने समाज को जोड़ने का काम किया,इसी रास्ते पर चलकर हमारी सरकार भी चलकर जनकल्याण के कार्य कर रही है.

मुख्यमंत्री ने राज्य स्तरीय मानस गायन के विजेताओं को पुरस्कृत किया। प्रथम पुरस्कार जांजगीर चांपा के हरिदर्शन मानस मंडली को मिला, दूसरा पुरस्कार कोरिया जिले के प्रगति मानस मंडली, और तीसरा पुरस्कार बीजापुर जिले के जय बजरंगी मानस मंडली को प्रदान किया गया। प्रथम स्थान के विजेता को 5 लाख रूपए, दूसरे विजेता को 3 लाख तथा तीसरे स्थान के विजेता को 2 लाख रूपए के पुरस्कार के साथ मुख्यमंत्री के संदेश युक्त रामचरित मानस की प्रति,प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह से सम्मानित किया गया।
श्री बघेल ने कहा कि हम लोग जब बच्चे थे तो घरों में  रामायण की पाठ करते थे और ये हमारी संस्कृति में है क्योंकि राम का नाम हमें शीतलता प्रदान करता है. मुख्यमंत्री ने कहा कि  राम वनगमन पर्यटन परिपथ में शामिल अन्य स्थानों को शिवरीनारायण जैसा ही केंद्र बनाएंगे और हम अपने वैभव को ऊंचाई तक लेकर जाएंगे. श्री बघेल ने कहा कि हम शिवरीनारायण को केंद्र मानकर मल्हार, चंद्रहासिनी तथा गिरौधपुरी जा सकते हैं और यह स्थान अन्य को जोड़ने का काम करेगा।

मुख्यमंत्री ने यह घोषणा की कि  खरौद में शबरी माता और लक्ष्मणेश्वर मंदिर को भी विकसित किया जाएगा और पूरे प्रदेश में विकास कार्यों के लिए पैसों की कोई कमी नहीं आएगी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों  शिवरीनारायण में एस डी एम कार्यालय खोलने  की घोषणा की ताकि स्थानीय लोगों को सहूलियत मिल सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे विकास के केंद्र में व्यक्ति है, आज हमारे प्रदेश में 66 लाख परिवारों को 35 किलो चावल मिल रहा है। 46 लाख हितग्राहियों को बिजली बिल हाफ का लाभ मिल रहा है। 2 लाख गौपालक गोबर बेचकर आजीविका चला रहे हैं। 3.5 लाख लोगों को, जिनके पास आजीविका का कोई साधन नहीं है, हमारी सरकार 7 हजार रुपए दे रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी जी ने जिस राम राज्य की बात की थी, हम उसे साकार करने के लिए काम कर रहे हैं। राम राज्य में हर व्यक्ति संतुष्ट और खुश रहे, हमारा प्रयत्न है कि हमारे राज्य में भी हम व्यक्ति के हित में और व्यक्ति को केंद्र मानकर विकास करें।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुये गृह एवं पर्यटन मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़िया लोगों की मान सम्मान की रक्षा और छत्तीसगढ़ी संस्कृति का विकास हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। छत्तीसगढ़ की संस्कृति  को बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने तीज़-त्योहारों पर पर अवकाश घोषित किया है।

नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ शिव कुमार डहरिया ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ में भगवान राम के प्रभाव के कारण सामाजिक समरसता विद्यमान है। भगवान राम के चरण यहां जहाँ-जहाँ पड़े थे, उन्हें पर्यटन परिपथ के रूप में विकसित किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ गौसेवा आयोग के अध्यक्ष राजेश्री महंत डॉ रामसुंदर दास ने स्वागत भाषण दिया। आभार प्रदर्शन संस्कृति सचिव श्री अन्बलगन पी ने किया।


इस अवसर पर विधायक सर्वश्री रामकुमार यादव, श्री संसदीय चंद्रदेव राय, विधायक श्रीमती इंदु बंजारे, उपाध्यक्ष पर्यटन बोर्ड चित्र रेखा साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती यनीता चंद्रा,श्रम सन्निर्माण कर्मकार मंडल सदस्य श्रीमती मंजू सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री राघवेंद्र सिंह,नगर पंचायत शिवरीनारायण अध्यक्ष अंजनी तिवारी, राज्य शाकंभरी बोर्ड के जनपद पंचायत नवागढ़ अध्यक्ष प्रीति देवी सिंह, पूर्व विधायक श्री बोधराम कंवर,श्री चुन्नीलाल साहू, श्री चैनसिंह सामले, सचिव संस्कृति अन्बलगन पी, संचालक पर्यटन अनिल साहू, आई जी श्री रतनलाल डांगी, कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुमार शुक्ला,एस पी डा अभिषेक पल्लव, सर्वश्री दिनेश शर्मा, राघवेन्द्र कुमार सिंह, प्रिंस शर्मा, गणमान्य नागरिक,
सहित बड़ी संख्या में आम जन उपस्थित थे।