FIR के विरोध में भाजपा का जबरदस्त प्रदर्शन, कोतवाली का घेराव कर दिया धरना

रायगढ़ 06 अप्रैल (वेदांत समाचार)। जिला भाजपा अध्यक्ष उमेश अग्रवाल के खिलाफ छेड़खानी की शिकायत के बाद थाने में एफआईआर दर्ज होने को लेकर भाजपा विरोध में उतर आई है। भाजपा नेता ओपी चौधरी के नेतृत्व में बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने सिटी कोतवाली का घेराव कर प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे राजनैतिक साजिश करार देते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग भी की। मामले को लेकर सिटी कोतवाली के बाहर देर तक भाजपा कार्यकर्ता नारेबाजी कर प्रदर्शन करते रहे।


रायगढ़ जिला भाजपा के अध्यक्ष उमेश अग्रवाल के खिलाफ पार्टी की ही एक महिला कार्यकर्ता ने छेड़खानी का आरोप लगाया था। मामले की शिकायत प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के साथ साथ सिटी कोतवाली में भी की गई थी। सोमवार को इस मामले में कोतवाली पुलिस ने पीडिता के आवेदन के आधार पर जिला भाजपा अध्यक्ष के खिलाफ धारा 354 के तहत मामला दर्ज कर लिया। इस मामले को लेकर भाजपा अब विरोध में उतर आई है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने बुधवार को भाजपा कार्यालय से रैली निकाली और सिटी कोतवाली के बाहर नारेबाजी करते हुए जमकर प्रदर्शन किय़ा। भाजपा का कहना था कि पार्टी की ओर से ये ज्ञापन दिया था कि मामले में निष्पक्ष जांच की जाए लेकिन पुलिस ने बिना जांच किए राजनैतिक दबाव में आकर जिलाध्यक्ष के खिलाफ मामला दर्ज किया है। ये पार्टी कार्यकर्ताओं के मनोबल को तोडने की साजिश है जिसके विरोध में भाजपा आज आंदोलन कर रही है।

भाजपा का ये भी कहना था कि आगे अगर पुलिस व प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम उठाया जाता है तो कार्यकर्ता सामूहिक गिरफ्तारी भी देंगे। भाजपा प्रदेश मंत्री ओपी चौधरी ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के जिलाध्यक्ष के खिलाफ फर्जी शिकायत की गई है, हमने सभी जगह ज्ञापन दिया था कि पहले जांच करें फिर कार्रवाई की जाए, लेकिन बिना जांच किए सरकार के दबाव में आकर फर्जी एफआईआर किया गया है इसी का विरोध करने भाजपा सडक की लडाई लडने उतरे हैं भाजपा के मनोबल को तोडने का काम किये हैं।बिना जांच के आगे कार्रवाई की जाती है तो भाजपा उग्र लडाई लडेगी। कांग्रेस के राजनैतिक दबाव में ये किया जा रहा, भाजपा के कार्यकर्ता इसका जवाब देंगे। भाजपा के प्रदर्शन को लेकर पुुलिस प्रशासन कीओर से सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।