कबाड़ से बनाया जुगाड़! 22 साल की वंशिका के केंद्रीय मंत्री और CM शिवराज भी हुए मुरीद

मध्य प्रदेश की 22 साल की एक बेटी ने अपने हुनर से सबको अपना मुरीद बना दिया है। खुद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस लड़की की जमकर प्रशंसा की है। इस लड़की ने कबाड़ से ऐसा जुगाड़ बनाया है जिसे देखकर हर किसी को इस लड़की पर गर्व है। हम बात कर रहे हैं वंशिका राठौर की। 

वंशिका कबाड़ से जुगाड़ बना कर मशहूर हो गई हैं। कबाड़ से बनाई गई उनकी कलाकृतियां लोगों को खूब पसंद आ रही हैं। सबसे पहले आपको बताते हैं कि कबाड़ को इस तरह से इस्तेमाल करने का यह आइडिया उनके पास कैसे आया।

वंशिका ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि साल 2020 में लॉकडाउन लगने के बाद उनका ज्यादातर वक्त घर पर भी बीत रहा था। इस दौरान एक दिन घर की साफ-सफाई करने के दौरान उनके घर से लोहा, एल्युमीनियर इत्यादि कबाड़ के तौर पर उनके घर से निकला। इन बेकार पड़ी वस्तुओं को देख कर ही सबसे पहले वंशिका के दीमाग में कबाड़ से कलाकृति बनाने का विचार आया। इसके बाद वंशिका ने अपनी मेहनत और हुनर को एक बेहतरीन आकार देना शुरू किया।

 

पेंटिंग बनाने का शौक

वैसे तो स्कूल के दिनों से ही वंशिका को पेंटिंग बनाने का शौक था। वंशिका ने पेंटिंग, स्कल्पचर आर्ट में करियर बनाने का फैसला किया था और वो फाइन आर्ट की पढ़ाई भी कर रही थीं। खास बात यह भी है कि वंशिका  प्रदेश स्तरीय सौ से अधिक प्रतियोगिताओं में अपनी चित्रकला के लिए पुरस्कार जीत चुकी हैं।

इतना ही नहीं शक्ति भवन नगर निगम समेत कई जगहों पर वंशिका की बनी कलाकृतियां लोगों को लुभा रही हैं। नंदीग्राम में देश का पहला प्लास्टिक वेस्ट आर्ट म्यूजियम खुलने जा रहा है जिसके लिए वंशिका का चयन हुआ है आने वाले समय में वंशिका इस म्यूजियम के लिए भी शानदार कलाकृति बनाएगी।

सीएम, केंद्रीय मंत्री भी मुरीद

आम लोग वंशिका की तारीफ करते नहीं थकते। लेकिन अब वंशिका की प्रशंसा करने वालों में सीएम शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का नाम भी जुड़ गया है। केंद्रीय मंत्री ने ट्वीट करते हुए कहा, ‘मैं वंशिका के हुनर की सराहना करता हूं और भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता हूं’। सीएम शिवराज सिंह चौहान भी पहले वंशिका की तारफी कर चुके हैं।