खैरागढ़ उप चुनाव में बिलासपुर जिले के दिग्गज कांग्रेसी नेताओं की लगी ड्यूटी

बिलासपुर। 2 अप्रैल (वेदांत समाचार) खैरागढ़ उपचुनाव में जीत दर्ज करने के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने ताकत झोंकना शुरू कर दिया है। प्रदेशभर के दिग्गजों का जमावड़ा भी शुरू हो गया है। इसी कड़ी में न्यायधानी के दिग्गज नेताओं की ड्यूटी भी लगाई गई है। पीसीसी द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी को यहां के दिग्गजों ने संभालना भी शुरू कर दिया है। पीसीसी ने निगम मंडलों के अलावा विधायक, विधायक प्रत्याशी, पूर्व विधायक व सांसदों के अलावा संगठन से जुड़े प्रमुख पदाधिकारियों को काम पर लगा दिया है।

खैरागढ़ उपचुनाव के लिए पीसीसी ने चुनाव संचालन समिति में पर्यटन मंडल के अध्यक्ष अटल श्रीवास्तव को शामिल किया है। संचालन समिति के सदस्य की हैसियत से अटल पहले दिन से ही खैरागढ़ में कमान संभाल लिया है। उनकी टीम अब एक-एक कर खैरागढ के लिए कूच करना शुरू कर दिया है। संचालन समिति के अध्यक्ष ने अपनी टीम के सभी सदस्यों को खैरागढ़ बुला लिया है। पीसीसी ने सूची जारी कर पोलिंग बूथवार जिम्मेदारी भी सौंप दी है।

संसदीय सचिव व तखतपुर विधायक श्रीमती रश्मि सिंह, प्रदेश प्रवक्ता अभय नारायण राय, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष प्रमोद नायक, बिल्हा छाया विधायक राजेन्द्र शुक्ला, पूर्व विधायक दिलीप लहरिया, बेलतरा प्रत्याशी राजेंद्र साहू, सीपत ब्लाक अध्यक्ष राजेंद्र धीवर, जिला पंचायत सदस्य राजेश्वर भार्गव, शहर महिला अध्यक्ष सीमा पांडेय, जिला महिला अध्यक्ष सीमा घृतेश, विष्णु यादव, किसान कांग्रेस अध्यक्ष संदीप शुक्ला, किसान कांग्रेस के सुनील शुक्ला पेण्ड्रा जनपद उपाध्यक्ष पंकज तिवारी, महामंत्री समीर अहमद, पूर्व ब्लाक अध्यक्ष तैयब हुसैन, प्रवक्ता मणी वैष्णव ने अपना कार्यभार संभाल लिया है। चुनावी प्रबंधन, सामग्री वितरण और सेक्टर-जोन प्रभारी के तौर पर काम करना शुरू कर दिया है।

इंटरनेट मीडिया में बना रहे माहौलन्यायधानी से खैरागढ़ पहुंचे दिग्गज नेताओं व संगठन के पदाधिकारी मैदानी इलाकों के अलावा इंटरनेट मीडिया में भी जमकर माहौल बना रहे हैं। लोगों को वाट्सएप ग्रुप के जरिए जोड़ रहे हैं। एक-एक पोलिंग बूथ की फीडबैक भी ले रहे हैं। मिलने वाली जानकारी सीधे पीसीसी के हवाले भी कर रहे हैं।