अनियंत्रित होकर पलटा चार चका वाहन, हादसे में चालक समेत पांच घायल

डिंडौरी, 30 मार्च (वेदांत समाचार)  जिला मुख्यालय से अमरकंटक मार्ग पर ग्राम कनईसांग तिराहा के पास चार चका वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में कार में सवार 7 में से 5 लोग घायल हो गए। सूचना पर यातायात पुलिस व कोतवाली पुलिस की मदद से घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के मुताबिक मारुति वैन क्रमांक एमपी 09 बीडी 1270 में सवार होकर श्रद्धालु अमरकंटक से वापस उज्जैन लौट रहे थे। दोपहर लगभग 2 बजे के आसपास कनईसांग तिराहा के पास वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।

हादसे में वाहन चालक आकाश मालवीय पिता कैलाश मालवीय उम्र 24 वर्ष, रामेश्वर मालवीय पिता पर्वत मालवीय उम्र 50 वर्ष सहित अन्य तीन महिलाएं घायल हो गए। दो लोगों को मामूली चोट आई है। बताया गया कि उज्जैन का मालवीय परिवार अमरकंटक मां नर्मदा के दर्शन के लिए गया हुआ था। वहां से वापस लौटते समय हादसा हो गया। जिला अस्पताल में सभी का इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया गया कि हादसे के बाद क्षेत्र के ट्रैफिक मित्रों ने भी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाने में पुलिस का सहयोग किया। क्षतिग्रस्त मारुति वेन को कोतवाली परिसर में खड़ा कराया गया है।